हसन (कर्नाटक), 17 फरवरी (भाषा) कर्नाटक के हसन जिले के अलूर तालुक में एक सुनसान स्थान पर 58 वर्षीय एक व्यक्ति का जला हुआ शव मिला है। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि मृतक की पहचान वीरप्पा (58) के रूप में हुई है। वह कर्नाटक राज्य सड़क परिवहन निगम (केएसआरटीसी) में चालक के रूप में कार्यरत थे।
पुलिस के अनुसार, मंगलवार को अलूर तालुक के राजनहल्ली के पास वीरप्पा का शव पूरी तरह से जला हुआ पाया गया।
पुलिस ने यह संदेह जताया है कि यह पूर्व नियोजित हत्या हो सकती है।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, ‘ शव का पोस्टमार्टम किए जाने के बाद ही हम मौत के कारण का पता लगा पाएंगे। फारेंसिक विशेषज्ञों ने भी घटनास्थल का दौरा कर आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए हैं।’
पुलिस ने बताया कि प्रारंभिक जांच के आधार पर हत्या का मामला दर्ज कर आरोपियों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है।
पुलिस ने बताया कि वीरप्पा और उसके एक रिश्तेदार के बीच लंबे समय से चल रहे जमीन विवाद सहित सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
भाषा प्रचेता मनीषा
मनीषा