नोएडा, 18 फरवरी (भाषा) गौतम बुद्ध नगर जिले में मानकों की अनदेखी कर संचालित किए जा रहे अल्ट्रासाउंड सेंटरों के खिलाफ स्वास्थ्य विभाग ने कार्रवाई करते हुए पिछले एक माह में पांच केंद्रों को सील किया है।
उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. चंदन सोनी ने बताया कि अक्तूबर में सेक्टर-37 स्थित एक अल्ट्रासाउंड केंद्र ‘भारत स्कैनिंग सेंटर’ में भ्रूण लिंग परीक्षण की गुप्त सूचना मिली थी। उन्होंने बताया कि औचक निरीक्षण में इसे सही पाए जाने पर केंद्र को सील कर दिया गया और थाना सेक्टर-39 में प्राथमिकी दर्ज कराई गई। इसके बाद जिलाधिकारी के निर्देश पर अन्य केंद्रों की जांच अभियान चलाया गया।
उन्होंने बताया कि जांच के दौरान पांच केंद्रों पर मानकों का उल्लंघन पाया गया। कई स्थानों पर चिकित्सक की अनुपस्थिति में अल्ट्रासाउंड किए जा रहे थे तथा आवश्यक दस्तावेज और सीसीटीवी कैमरे उपलब्ध नहीं थे। उन्होंने बताया कि संबंधित केंद्रों के विरुद्ध प्रसव पूर्व एवं प्रसव निदान तकनीक (लिंग चयन प्रतिषेध) अधिनियम, 1994 के तहत कार्रवाई की गई।
डॉ. सोनी के अनुसार, छिजारसी स्थित लाइफ केयर अल्ट्रासाउंड सेंटर, हाइटेक डायग्नोस्टिक सेंटर, बिसरख स्थित नवजीवन डायग्नोस्टिक सेंटर, कासना स्थित हर्ष अल्ट्रासाउंड सेंटर तथा दनकौर स्थित कृष्णा अस्पताल की जांच की गई। उन्होंने बताया कि कृष्णा अस्पताल की अल्ट्रासाउंड मशीन सील की गई और दस्तावेजों की जांच के बाद हाइटेक डायग्नोस्टिक सेंटर और नवजीवन डायग्नोस्टिक सेंटर को पुनः खोलने की अनुमति दे दी गई।
उन्होंने बताया कि भ्रूण लिंग परीक्षण की सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाती है।
भाषा सं मनीषा
मनीषा