दिल्ली : प्रतिद्वंद्वी गिरोह के सदस्य की हत्या के मामले में दो नाबालिग पकड़े गए

Ads

दिल्ली : प्रतिद्वंद्वी गिरोह के सदस्य की हत्या के मामले में दो नाबालिग पकड़े गए

  •  
  • Publish Date - February 18, 2026 / 01:48 PM IST,
    Updated On - February 18, 2026 / 01:48 PM IST

नयी दिल्ली, 18 फरवरी (भाषा) दिल्ली पुलिस ने रोहिणी में एक गिरोह के सदस्य की दिनदहाड़े हत्या करने के मामले में कथित संलिप्तता को लेकर दो नाबालिगों को पकड़ा है। पुलिस के एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के मुताबिक, जितेंद्र गोगी गिरोह से कथित रूप से जुड़े साहिल सोलंकी की 14 फरवरी को रोहिणी के सेक्टर 17 में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।

गोलीबारी के बाद मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

अधिकारी ने बताया, “ अपराध शाखा की एक टीम ने मामले की तफ्तीश शुरू की और दो नाबालिगों को पकड़ लिया।”

अधिकारी ने बताया कि एक नाबालिग को मंगलवार को नरेला में बस स्टैंड के पास से पकड़ा गया जबकि दूसरे को समाईपुर गांव से हिरासत में लिया गया।

उनके मुताबिक, पूछताछ में नाबालिगों ने बताया कि वे सुनील उर्फ टिल्लू ताजपुरिया गिरोह से जुड़े हुए हैं, उन्हें सोशल मीडिया के जरिए लुभाया गया था तथा पैसे और संरक्षण का वादा किया गया था।

अधिकारी ने कहा, “ दोनों नाबालिगों ने पुलिस को बताया कि अपराध को अंजाम देने से पहले उनके लिए हथियार और बाइक की व्यवस्था नरेला में की गई थी।”

पुलिस ने बताया कि रोहिणी के सेक्टर 17 में हथियारों से लैस बाइक सवार तीन हमलावरों ने सोलंकी पर गोली चलाई थी। दो लोगों ने पीड़ित पर गोलीबारी की जबकि तीसरा शख्स वह बाइक चला रहा था जिसका इस्तेमाल भागने के लिए किया गया।

जांचकर्ताओं ने बताया कि हत्या का कारण गोगी और ताजपुरिया गिरोह के बीच प्रतिद्वंद्वता है जिसकी वजह से दिल्ली-एनसीआर में पिछले एक दशक में प्रतिशोधात्मक हत्याओं की कई घटनाएं हुई हैं।

अधिकारी ने बताया, ‘‘सोलंकी को 2021 में प्रतिद्वंद्वी गिरोह के एक कथित सदस्य की हत्या से संबंधित मामले में गिरफ्तार किया गया था, लेकिन पिछले साल दिल्ली उच्च न्यायालय ने उसे जमानत दे दी थी। प्रारंभिक जांच से पता चला है कि यह हत्या टिल्लू गिरोह से जुड़े एक सदस्य की पूर्व में हुई हत्या के प्रतिशोध में की गई थी।’

पुलिस ने बताया कि साजिश में शामिल अन्य लोगों की पहचान करने और उन्हें गिरफ्तार करने के लिए आगे की जांच जारी है।

भाषा नोमान मनीषा

मनीषा