मंत्रिमंडल ने अहमदाबाद और धोलेरा के बीच 134 किलोमीटर लंबी सेमी-हाई स्पीड रेल लाइन को मंजूरी दी

Ads

मंत्रिमंडल ने अहमदाबाद और धोलेरा के बीच 134 किलोमीटर लंबी सेमी-हाई स्पीड रेल लाइन को मंजूरी दी

  •  
  • Publish Date - May 13, 2026 / 05:43 PM IST,
    Updated On - May 13, 2026 / 05:43 PM IST

नयी दिल्ली, 13 मई (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता वाली आर्थिक मामलों की मंत्रिमंडल समिति ने बुधवार को गुजरात के अहमदाबाद और धोलेरा के बीच 134 किलोमीटर लंबी सेमी-हाई स्पीड वाली दोहरी रेल लाइन के निर्माण को मंजूरी दे दी। इस पर लगभग 20,667 करोड़ रुपये की लागत आएगी।

यह भारतीय रेलवे का पहला सेमी-हाई-स्पीड गलियारा होगा जिसे स्वदेशी रूप से विकसित तकनीक के साथ बनाया जाएगा।

एक आधिकारिक बयान के मुताबिक, ‘‘परियोजना का यह खंड अहमदाबाद, धोलेरा एसआईआर (विशेष निवेश क्षेत्र), आगामी धोलेरा हवाई अड्डे और लोथल राष्ट्रीय समुद्री विरासत परिसर (एनएचएमसी) के बीच बेहतर संपर्क प्रदान करेगा।’’

इसमें कहा गया है, ‘‘अहमदाबाद को धोलेरा से जोड़ने से यात्रियों का यात्रा समय कम हो जाएगा, जिससे दैनिक आवागमन आरामदायक हो जाएगा और एक ही दिन में वापसी यात्रा संभव हो सकेगी। यह सेमी-हाई स्पीड रेल लाइन न केवल दो शहरों को करीब लाएगी बल्कि सैकड़ों किलोमीटर दूर रहने वाले लोगों को भी एक-दूसरे के करीब लाएगी।’’

केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने संवाददाताओं को संबोधित करते हुए कहा कि अहमदाबाद-धोलेरा गलियारा दिल्ली-मुंबई औद्योगिक गलियारे का हिस्सा है और यह सेमी-हाई स्पीड रेल लाइन पूरे क्षेत्र के विकास को बढ़ावा देगी।

उन्होंने बताया कि इस गलियारे पर ट्रेन की परिचालन गति 200 किलोमीटर प्रति घंटा होगी।

वैष्णव ने कहा कि परियोजना पूरी होने के बाद सरखेज और धोलेरा के बीच यात्रा का समय घटकर लगभग 34 मिनट रह जाएगा।

अधिकारियों ने बताया कि प्रस्तावित नयी रेल लाइन का निर्माण चार वर्षों में पूरा होना है और इसका उद्देश्य अहमदाबाद के पास सरखेज में डीएसआईआर को व्यापक रेलवे नेटवर्क से जोड़ना है।

उन्होंने बताया कि यह ‘ब्रॉड-गेज’ गलियारा भारत में अपनी तरह का पहला कॉरिडोर होगा, जिसे 200 किलोमीटर प्रति घंटे तक की गति से ट्रेनों के संचालन के लिए डिजाइन किया गया है।

भाषा शफीक मनीषा

मनीषा