सीएक्यूएम ने एनसीआर में निरीक्षण परिणामों एवं प्रवर्तन कार्रवाई की समीक्षा

Ads

सीएक्यूएम ने एनसीआर में निरीक्षण परिणामों एवं प्रवर्तन कार्रवाई की समीक्षा

  •  
  • Publish Date - May 5, 2026 / 09:27 PM IST,
    Updated On - May 5, 2026 / 09:27 PM IST

नयी दिल्ली, पांच मई (भाषा) वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (सीएक्यूएम) के प्रवर्तन कार्य बल ने 11 से 28 अप्रैल तक राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में किए गए 174 निरीक्षणों और प्रवर्तन कार्रवाइयों की रिपोर्टों की समीक्षा की, जिनमें 61 उल्लंघन दर्ज किए गए।

सोमवार को कार्यबल की 130वीं बैठक के बाद अधिकारियों ने बताया कि उड़न दस्तों ने निर्माण और विध्वंस स्थलों पर 26 निरीक्षण, औद्योगिक क्षेत्र में 40 निरीक्षण और डीजल जनरेटर सेटों के 108 निरीक्षण किए।

उन्होंने कहा कि इन 61 उल्लंघनों में से 12 निर्माण और विध्वंस स्थलों से, आठ औद्योगिक क्षेत्र से और 41 डीजल जनरेटर सेटों से संबंधित थे।

एक अधिकारी ने कहा,‘‘कार्यबल ने प्राथमिकता वाले क्षेत्रों, विशेष रूप से डीजल जनरेटर सेट, निर्माण और विध्वंस गतिविधियों, औद्योगिक उत्सर्जन और सड़क धूल प्रबंधन में विशेष उपाय क्रियान्वयन की आवश्यकता पर जोर दिया।’’

बैठक के दौरान, सीएक्यूएम ने एनसीआर में वायु प्रदूषण को कम करने के लिए मजबूत प्रवर्तन, मजबूत अंतर-एजेंसी समन्वय और निर्धारित पर्यावरणीय मानदंडों का कड़ाई से पालन करने की आवश्यकता को भी दोहराया।

भाषा

राजकुमार माधव

माधव