पाकुड़ में कार दुर्घटनाग्रस्त, युवक की मौत, 10 लोग घायल

पाकुड़ में कार दुर्घटनाग्रस्त, युवक की मौत, 10 लोग घायल

पाकुड़ में कार दुर्घटनाग्रस्त, युवक की मौत, 10 लोग घायल
Modified Date: November 29, 2022 / 07:52 pm IST
Published Date: November 23, 2021 7:11 pm IST

पाकुड़, 23 नवंबर (भाषा) झारखंड में फरक्का से शादी समारोह में शमिल होने दुमका जा रही एक स्कॉर्पियो कार अमड़ापाड़ा थाना क्षेत्र के सलपतरा गांव के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गई, जिससे उसमें सवार एक व्यक्ति की मौत हो गयी जबकि दस अन्य घायल हो गये।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा और घायलों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने विप्लव राम (22) को मृत घोषित कर दिया। स्कॉर्पियो पर सवार बाकी दस लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए पाकुड़ सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया।

पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि कार सवार सभी लोग शादी समारोह में शामिल होने फरक्का से दुमका जा रहे थे। इसी दौरान सोमवार देर रात अमड़ापाड़ा थाना क्षेत्र के सलपतरा पुल के पास एक मोड़ के पास तेज रफ्तार कार असंतुलित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गयी।

उन्होंने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए मंगलवार को पाकुड़ सदर अस्पताल भेज दिया गया जबकि सभी घायलों को सोमवार रात में ही सदर अस्पताल पहुंचा दिया गया था। सभी घायल खतरे से बाहर बताये गये हैं।

भाषा सं इन्दु नेत्रपाल शफीक


लेखक के बारे में