पटियाला, 22 सितंबर (भाषा) राष्ट्रीय स्तर की 16 वर्षीय एक साइकिलिस्ट की शिकायत पर पंजाब में यहां नेताजी सुभाष राष्ट्रीय खेल संस्थान (एनआईएस) के एक विदेशी कोच के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि कजाखस्तान के मैक्सट अयाजबायेव के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं और यौन अपराधों से बच्चों के संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।
पुलिस के अनुसार यह कथित घटना 13 सितंबर को उस समय हुई, जब साइकिलिस्ट एशियाई खेलों के लिए एनआईएस में प्रशिक्षण ले रही थी।
एनआईएस प्रशासन को कथित घटना की जानकारी 18 सितंबर को मिली, जिसके बाद पुलिस को इस बारे में सूचित किया गया।
पुलिस ने बताया कि पीड़िता की चिकित्सकीय जांच कराई गई है और रिपोर्ट का इंतजार है।
पुलिस के अनुसार जब उन्हें सूचना दी गई, तब तक आरोपी कोच एनआईएस परिसर छोड़ चुका था। जांच के दौरान पता चला कि वह दिल्ली में एक अन्य शिविर में ठहरा हुआ था।
इसके बाद पटियाला पुलिस की एक टीम उसे पकड़ने के लिए दिल्ली स्थित शिविर पहुंची, लेकिन टीम के पहुंचने से पहले ही आरोपी वहां से जा चुका था।
पटियाला के पुलिस अधीक्षक (शहर) मोहित अग्रवाल ने बताया कि आरोपी की तलाश और गिरफ्तारी के लिए विशेष दल गठित किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि पुलिस ने आरोपी का पासपोर्ट भी अपने कब्जे में ले लिया है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी कुछ महीने पहले पटियाला आया था और एनआईएस के कर्मचारी आवास में रह रहा था।
भाषा रवि कांत रवि कांत अविनाश
अविनाश