कोलकाता, 29 सितंबर (भाषा) केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने मंगलवार को पश्चिम बंगाल में 2021 में चुनाव के बाद हुई हिंसा के दौरान दर्ज किए गए हत्या के मामले में भगोड़े आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गई।
सीबीआई के अनुसार, आरोपी झरना मिस्त्री को दक्षिण 24 परगना जिले के संतोषपुर स्थित घोषपाड़ा से गिरफ्तार किया गया। वह इस मामले के सह-आरोपी संजय मिस्त्री की पत्नी है।
एजेंसी ने बताया कि 2021 में मामला दर्ज होने के बाद से ही झरना मिस्त्री फरार चल रही थी और वह न तो जांच में शामिल हुई और न ही अदालती सुनवाई में उपस्थित हुई।
सीबीआई ने उसकी गिरफ्तारी पर 50,000 रुपये का नकद इनाम घोषित कर रखा था।
कलकत्ता उच्च न्यायालय के आदेश के अनुपालन करते हुए सीबीआई ने उत्तर 24 परगना के जगद्दल थाने में दर्ज प्राथमिकी की जांच को अपने हाथ में लेते हुए 27 अगस्त, 2021 को यह मामला दर्ज किया था।
एजेंसी के अनुसार, यह मामला चुनाव बाद हुई हिंसा के आरोपों से संबंधित है, जिसमें शिकायतकर्ता की मां शोभा रानी मंडल की आरोपियों ने कथित तौर पर हत्या कर दी थी।
सीबीआई ने 29 दिसंबर, 2021 को एक पूरक आरोपपत्र दाखिल किया था, जिसमें झरना मिस्त्री सहित 13 आरोपियों के नाम शामिल थे।
चूंकि मिस्त्री लगातार छिप रही थी और अदालती प्रक्रिया से बच रही थी, इसलिए बैरकपुर की अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (एसीएमएम) अदालत ने तीन अक्टूबर, 2023 को उसे भगोड़ा घोषित कर दिया था।
भाषा सुमित पवनेश
पवनेश