नयी दिल्ली, 19 अगस्त (भाषा) केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय में आंतरिक वित्त सलाहकार (आईएफए) के रूप में तैनात एक लेखा उप नियंत्रक को 10 लाख रुपये की रिश्वत लेने के आरोप में गिरफ्तार किया है। यह जानकारी अधिकारियों ने दी।
अधिकारियों ने बुधवार को बताया कि आरोपी ने रिश्वत एक निजी कंपनी की नवीनीकरण से संबंधित फाइल को आगे बढ़ाने के लिए कथित तौर पर अपनी पत्नी के माध्यम से ली।
अधिकारियों के मुताबिक, आरोपी अधिकारी संदीप भारतीय सिविल लेखा सेवा (आईसीएएस) के 2020 बैच का अधिकारी है। आरोप है कि अधिकारी ने नवीनीकरण संबंधी फाइल को आगे बढ़ाने के लिए एक कारोबारी से 15 लाख रुपये रिश्वत की मांग की थी।
सीबीआई के प्रवक्ता ने एक बयान में कहा, ‘‘बातचीत के बाद आरोप शिकायतकर्ता से 10 लाख रुपये रिश्वत लेने पर सहमत हुआ, ताकि उसके पास लंबित निजी कंपनी की नवीनीकरण संबंधी फाइल जल्द आगे बढ़ाने की कार्रवाई की जा सके।’’
प्रवक्ता ने बताया कि जांच एजेंसी ने मंगलवार को जाल बिछाया और आरोपी अधिकारी को उसकी पत्नी के माध्यम से 10 लाख रुपये की रिश्वत स्वीकार करते हुए पकड़ लिया।
भाषा अमित सुरभि
सुरभि