सीबीआई ने भारतीय नोट के विशेष धागे की आपूर्ति में ‘भ्रष्टाचार’ को लेकर पूर्व वित्त सचिव से पूछताछ की

Ads

सीबीआई ने भारतीय नोट के विशेष धागे की आपूर्ति में ‘भ्रष्टाचार’ को लेकर पूर्व वित्त सचिव से पूछताछ की

  •  
  • Publish Date - April 7, 2026 / 10:14 PM IST,
    Updated On - April 7, 2026 / 10:14 PM IST

(अभिषेक शुक्ला)

नयी दिल्ली, सात अप्रैल (भाषा) केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने भारतीय नोटों के लिए विशेष रंगीन सुरक्षा धागे की आपूर्ति में कथित भ्रष्टाचार को लेकर पूर्व वित्त सचिव अरविंद मायाराम और ब्रिटेन स्थित एक कंपनी के खिलाफ दर्ज प्राथमिकी के संबंध में उनसे मंगलवार को पूछताछ की।

अधिकारियों ने बताया कि मायाराम को रविवार को एक नोटिस के जरिए एजेंसी मुख्यालय बुलाया गया था।

उन्होंने बताया कि एजेंसी की भ्रष्टाचार रोधी इकाई के अधिकारियों की एक टीम ने दिन भर उनसे पूछताछ की। सीबीआई अधिकारियों ने उनका बयान दर्ज किया और कई दस्तावेजों पर उनका जवाब भी मांगा।

मायाराम के वकील तरन्नुम चीमा से जब इस मामले पर प्रतिक्रिया जानने के लिए संपर्क किया गया, तो उन्होंने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि चूंकि मामला विचाराधीन है, इसलिए वह कोई टिप्पणी नहीं करेंगे।

सीबीआई ने 2023 में दर्ज प्राथमिकी में आरोप लगाया था कि मायाराम, ब्रिटेन स्थित कंपनी डी ला रू इंटरनेशनल लिमिटेड और वित्त मंत्रालय तथा भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) के अज्ञात अधिकारियों ने कंपनी को अनुचित लाभ पहुंचाने के लिए आपराधिक साजिश रची थी।

मायाराम अप्रैल 2012 से अगस्त 2014 तक केंद्रीय वित्त मंत्रालय में आर्थिक कार्य विभाग के सचिव और अगस्त 2014 से अक्टूबर 2014 तक वित्त सचिव थे।

एजेंसी ने आरोप लगाया कि मायाराम ने वित्त सचिव होने के नाते, गृह मंत्रालय से कोई अनिवार्य सुरक्षा मंजूरी लिए बिना या तत्कालीन वित्त मंत्री को सूचित किए बिना, विशेष सुरक्षा धागे की आपूर्ति के लिए कंपनी के साथ ‘‘समाप्त हो चुके अनुबंध’’ को ‘‘अवैध’’ रूप से तीन साल का विस्तार दिया।

प्राथमिकी में कहा गया है कि मायाराम दिया गया यह विस्तार कथित तौर पर चौथा था।

सीबीआई ने भारतीय दंड संहिता के तहत आपराधिक साजिश और धोखाधड़ी से संबंधित धाराओं तथा भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के प्रावधानों के तहत प्राथमिकी दर्ज की थी। इसके बाद, 1978 बैच के सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी के जयपुर और दिल्ली स्थित आवासों पर तलाशी ली गई। यह कार्रवाई कांग्रेस नेता राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा में उनके शामिल होने के कुछ दिनों बाद की गई थी।

भाषा सुभाष माधव

माधव