सीबीआई ने केजरीवाल के दिवंगत ‘रिश्तेदार’ से जुड़े भ्रष्टाचार मामले में एफआईआर दर्ज की

Ads

सीबीआई ने केजरीवाल के दिवंगत ‘रिश्तेदार’ से जुड़े भ्रष्टाचार मामले में एफआईआर दर्ज की

  •  
  • Publish Date - April 26, 2026 / 09:17 PM IST,
    Updated On - April 26, 2026 / 09:17 PM IST

नयी दिल्ली, 26 अप्रैल (भाषा) सीबीआई ने दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के करीबी रिश्तेदार बताए जा रहे एक दिवंगत व्यक्ति के खिलाफ नाली निर्माण के सरकारी ठेके में कथित भ्रष्टाचार के संबंध में एफआईआर दर्ज की है। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी।

इस मामले की जांच पहले दिल्ली सरकार के भ्रष्टाचार निरोधी ब्यूरो (एसीबी) द्वारा की जा रही थी और पिछले साल सितंबर में गृह मंत्रालय द्वारा इसे केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) को सौंप दिया गया था।

आरोप है कि ठेकेदार सुरेंद्र कुमार बंसल ने 2015-16 में विभिन्न कंपनियों के नाम पर ठेके लिए और भुगतान भी ले लिया, लेकिन काम कभी शुरू नहीं किया गया। एफआईआर के अनुसार, ऐसी ही एक कंपनी कमल सिंह की थी।

अधिकारियों ने बताया कि कमल सिंह को आरोपी बनाते हुए एक दूसरी प्राथमिकी भी दर्ज की गई है।

उन्होंने बताया कि बंसल ने कमल सिंह के नाम का इस्तेमाल किया और भारद्वाज एंटरप्राइजेज के फर्जी बिलों का उपयोग करके सरकारी खजाने में धोखाधड़ी की।

सीबीआई के अनुसार, केजरीवाल के प्रभाव में तकनीकी मानकों में हेरफेर करके बंसल को यह काम बाजार मूल्य से 46 प्रतिशत कम कीमत पर दिया गया था।

आम आदमी पार्टी ने 2024 में कहा था कि बंसल का निधन 2017 में हो गया था और इन आरोपों को निराधार और बदले की भावना से प्रेरित बताया था।

शिकायत में कहा गया है, “यह प्रार्थना की जाती है कि एनसीटी-दिल्ली के (पूर्व) मुख्यमंत्री की भूमिका की भी जांच की जानी चाहिए क्योंकि उन्होंने अपने मुख्यमंत्री पद के प्रभाव का इस्तेमाल करके बंसल और उनके अन्य रिश्तेदारों को पर्याप्त लाभ पहुंचाया है।”

भाषा

प्रशांत नरेश

नरेश