नयी दिल्ली, दो जून (भाषा) कांग्रेस की छात्र इकाई भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआई) के अध्यक्ष विनोद जाखड़ ने कहा कि केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) के चेयरमैन और सचिव का तबादला छात्रों के आंदोलन की छोटी एवं महत्वपूर्ण जीत है। उन्होंने कहा कि अभी शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान की जवाबदेही तय होना शेष है।
उन्होंने कहा कि छात्रों को न्याय दिलाने तक संघर्ष जारी रखा जाएगा।
केंद्र सरकार ने ओएसएम प्रणाली का ठेका देने के लिए सीबीएसई की ओर से अपनाई गई प्रक्रिया से संबंधित मुद्दों की जांच के लिए एक-सदस्यीय समिति का गठन किया है। समिति की अध्यक्षता क्षमता निर्माण आयोग की अध्यक्ष एस राधा चौहान करेंगी।
सीबीएसई के चेयरमैन राहुल सिंह और सचिव हिमांशु गुप्ता का मंगलवार को बोर्ड से तबादला भी कर दिया गया।
विनोद जाखड़ ने एक बयान में कहा, ‘‘सीबीएसई चेयरमैन और सचिव का तबादला इस बात का प्रमाण है कि छात्रों, अभिभावकों, शिक्षकों और एनएसयूआई की आवाज़ को अब दबाया नहीं जा सकता।
जब तक हर प्रभावित सीबीएसई छात्र को न्याय नहीं मिल जाता, तब तक एनएसयूआई हर संभव लड़ाई लड़ती रहेगी। हमारा संघर्ष सड़कों से लेकर अदालत तक जारी रहेगा।”
भाषा हक हक पवनेश
पवनेश