केंद्र ने पलक्कड-पोल्लाचि मार्ग पर नयी ट्रेन सेवा को मंजूरी दी: केंद्रीय मंत्री सुरेश गोपी

Ads

केंद्र ने पलक्कड-पोल्लाचि मार्ग पर नयी ट्रेन सेवा को मंजूरी दी: केंद्रीय मंत्री सुरेश गोपी

  •  
  • Publish Date - March 6, 2026 / 12:46 PM IST,
    Updated On - March 6, 2026 / 12:46 PM IST

तिरुवनंतपुरम, छह मार्च (भाषा) केंद्रीय राज्य मंत्री सुरेश गोपी ने शुक्रवार को बताया कि रेल मंत्रालय ने पलक्कड-पोल्लाचि मार्ग पर नयी ट्रेन सेवा शुरू करने की केरल की लंबे समय से चली आ रही मांग को स्वीकार कर लिया है।

केंद्रीय पेट्रोलियम, प्राकृतिक गैस और पर्यटन राज्य मंत्री गोपी ने सोशल मीडिया मंच ‘फेसबुक’ पर एक पोस्ट के माध्यम से रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का इस विषय पर ‘सहानुभूतिपूर्वक विचार करने और यात्रियों की सुविधा के लिए त्वरित कार्रवाई करने’ के लिए आभार व्यक्त किया।

रेल मंत्री के एक पत्र की प्रति साझा करते हुए गोपी ने अपने पोस्ट में दावा किया कि यह घटनाक्रम दर्शाता है कि लोगों के कल्याण के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) द्वारा किए गए हस्तक्षेप कारगर साबित हो रहे हैं।

पत्र में कहा गया, ‘आपको यह जानकर खुशी होगी कि पलक्कड और पोल्लाचि के बीच एक नयी मेमू (मेनलाइन इलेक्ट्रिक मल्टीपल यूनिट) ट्रेन सेवा शुरू करने के लिए मंजूरी दे दी गई है।’

‘मेमू’ भारतीय रेलवे द्वारा कम और मध्यम दूरी के लिए संचालित विद्युत चालित ट्रेन हैं, जो ग्रामीण या अर्ध-शहरी क्षेत्रों को बड़े शहरों से जोड़ती हैं।

भाषा

प्रचेता वैभव

वैभव