मुंबई, छह मार्च (भाषा) मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस द्वारा शुक्रवार को विधानसभा में पेश किए गए 2026-27 के महाराष्ट्र के बजट में पुराने वाहनों को कबाड़ (स्क्रैप) करने वाले खरीदारों के लिए मोटर वाहन कर में छूट का प्रस्ताव किया गया है।
साथ ही, बजट में प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए कुछ पुराने निजी वाहनों पर पर्यावरण कर बढ़ाने का भी प्रस्ताव है।
अपने बजट भाषण में मुख्यमंत्री ने कहा कि इन उपायों का उद्देश्य ईंधन की अधिक खपत करने वाले और प्रदूषण फैलाने वाले वाहनों के उपयोग को रोकना, राज्य में वायु गुणवत्ता में सुधार करना और पुराने वाहनों को बदलने की प्रक्रिया में तेजी लाना है।
उन्होंने बताया कि भारत चरण-4 और उससे ऊपर के उत्सर्जन मानकों वाले पुराने वाहन ‘स्क्रैप’ करके नया वाहन खरीदने पर मोटर वाहन कर में 16 प्रतिशत की छूट दी जाएगी। वहीं, बीएस-तीन और उससे नीचे के उत्सर्जन मानकों वाले वाहनों को कबाड़ करने पर नए वाहन की खरीद पर 30 प्रतिशत की छूट दी जाएगी।
इसके अलावा, सरकार ने बजट पुराने गैर-परिवहन (निजी) वाहनों पर पर्यावरण कर बढ़ाने का प्रस्ताव रखा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बीएस-4 और उससे नीचे के उत्सर्जन मानकों वाले निजी वाहन अधिक वायु प्रदूषण फैलाते हैं। इसलिए ऐसे वाहनों पर पर्यावरण कर दोगुना करने का प्रस्ताव है।
भाषा योगेश अजय
अजय