नयी दिल्ली, छह मई (भाषा) दिल्ली पुलिस ने नांगलोई में अवैध एलपीजी रिफिलिंग और जमाखोरी रैकेट का भंडाफोड़ किया है और 96 घरेलू गैस सिलेंडर, वाहन और उपकरण जब्त किए हैं। एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी।
विशेष खुफिया जानकारी के आधार पर, अपराध शाखा की एक टीम ने बाहरी दिल्ली के बक्करवाला रोड पर छापेमारी के दौरान तीन लोगों को पकड़ा।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने एक खाली प्लॉट में घरेलू एलपीजी सिलेंडर अवैध रूप से जमा कर रखे थे और कथित तौर पर अनधिकृत धातु के पाइपों और अन्य उपकरणों का उपयोग करके भरे हुए सिलेंडरों से खाली सिलेंडरों में गैस भर रहे थे।
पुलिस ने बताया कि आरोपी विनोद (37), विजय (38) और वंश राज (26) कथित तौर पर एलपीजी वितरण के काम से जुड़े थे।
सिलेंडरों के अलावा, पुलिस ने तीन टेम्पो, वजन करने की तीन मशीन और दो धातु के पाइप भी बरामद किए।
अधिकारी ने बताया, “आरोपी इतनी बड़ी मात्रा में एलपीजी सिलेंडर रखने के लिए कोई वैध दस्तावेज पेश नहीं कर सके। विकासपुरी के खाद्य एवं आपूर्ति अधिकारी को सूचना दी गई और पुलिस ने उनकी उपस्थिति में सभी सिलेंडर जब्त कर लिये।”
आरोपियों ने पुलिस को कथित तौर पर बताया कि वे आपूर्ति के लिए निर्धारित एलपीजी सिलेंडरों को लाते थे और अवैध रूप से भरकर खुले बाजार में बेचते थे।
आगे की जांच जारी है।
भाषा अमित पवनेश
पवनेश