(एम. जुल्करनैन)
लाहौर, छह मई (भाषा) पाकिस्तान में पंजाब सूबे की पुलिस ने कथित मुठभेड़ों में 10 ‘संदिग्ध’ व्यक्तियों को मार गिराया। अपराध नियंत्रण विभाग (सीसीडी) ने बुधवार को एक बयान में यह जानकारी दी।
सीसीडी के मुताबिक गत एक साल में अबतक करीब 1100 संदिग्धों को मार गिराया गया है। हालांकि, मानवाधिकार समूह और पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की पार्टी ने प्रांत में ऐसी घटनाओं पर चिंता जताई है।
बयान के मुताबिक मंगलवार और बुधवार को प्रांत भर में विभिन्न मुठभेड़ों में 10 संदिग्ध व्यक्ति मारे गए।
सीसीडी के मुताबिक, ‘‘संदिग्ध व्यक्ति घोषित अपराधी थे। उनके खिलाफ पंजाब के विभिन्न पुलिस थानों में हत्या, बस डकैती, लूट, हत्या के प्रयास, जबरन वसूली, पुलिस मुठभेड़ और लूट के दौरान प्रतिरोध करने वाले नागरिकों पर गोली चलाने और उन्हें घायल करने के दर्जनों मामले दर्ज थे।’’
पंजाब की पहली महिला मुख्यमंत्री, मरियम नवाज ने पिछले साल सीसीडी का गठन किया था।
पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान और उनकी पार्टी पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) के नेताओं ने ‘न्यायेतर’ हत्याओं की कड़ी निंदा की है और मामले की न्यायिक जांच की मांग की।
भाषा धीरज संतोष
संतोष