केंद्र ने बंगाल का नाम बदलने के प्रस्ताव पर कभी विचार नहीं किया : ममता बनर्जी

Ads

केंद्र ने बंगाल का नाम बदलने के प्रस्ताव पर कभी विचार नहीं किया : ममता बनर्जी

  •  
  • Publish Date - February 24, 2026 / 07:12 PM IST,
    Updated On - February 24, 2026 / 07:12 PM IST

कोलकाता, 24 फरवरी (भाषा) पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने मंगलवार को केंद्र सरकार पर आरोप लगाया कि वह राज्य के आधिकारिक नाम को बदलकर ‘बांग्ला’ करने के लिए उनकी सरकार द्वारा बार-बार किए गए अनुरोधों पर विचार नहीं कर रही है।

बनर्जी का यह आरोप प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय मंत्रिमंडल द्वारा केरल का नाम बदलकर ‘केरलम’ करने के प्रस्ताव को मंजूरी दिए जाने के बाद आया।

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि दक्षिणी राज्य की सत्तारूढ़ पार्टी माकपा और भाजपा के बीच गठबंधन ने केरल को नया नाम दिलाने में मदद की।

बनर्जी ने यहां एक बयान में कहा, “केरल का नाम इसलिए बदला गया है, क्योंकि भाजपा और माकपा के बीच गठबंधन मजबूत हो रहा है। आज के बाद यह गठबंधन गुप्त नहीं रह गया है। बंगाल को हमेशा अभाव का सामना क्यों करना पड़ेगा? एक दिन आप (भाजपा) सत्ता में नहीं रहेंगे। हम नाम बदलवा देंगे।’’

केरल को नया नाम ‘केरलम’ मिलने पर बनर्जी ने राज्य की जनता को बधाई दी।

बनर्जी ने बयान में कहा, ‘‘संबंधित राज्य सरकारों से ऐसे प्रस्तावों को समर्थन मिलने के बाद कई राज्यों के नाम बदल दिए जाते हैं। हालांकि, पश्चिम बंगाल के मामले में ऐसा नहीं हुआ है।’’

पश्चिम बंगाल सरकार ने कई बार केंद्र से राज्य का नाम बदलकर ‘बांग्ला’ करने का आग्रह किया है, और विधानसभा ने इस संबंध में एक प्रस्ताव भी पारित किया है।

भाषा नेत्रपाल दिलीप

दिलीप