राम मंदिर ट्रस्ट की बैठक में चंपत राय का इस्तीफा मंजूर किये जाने की सम्भावना : सूत्र

Ads

राम मंदिर ट्रस्ट की बैठक में चंपत राय का इस्तीफा मंजूर किये जाने की सम्भावना : सूत्र

  •  
  • Publish Date - July 6, 2026 / 05:20 PM IST,
    Updated On - July 6, 2026 / 05:20 PM IST

अयोध्या (उप्र), छह जुलाई (भाषा) अयोध्या में श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की बैठक खासी गहमागहमी भरे माहौल में आधे घंटे की देर से शुरू हुई और सूत्रों का कहना है कि इसमें संस्था के महासचिव पद से चंपत राय का इस्तीफा स्वीकार किये जाने की सम्भावना है।

राय और ट्रस्ट के सदस्य अनिल मिश्रा ने राम मंदिर कथित चढावा चोरी मामले के तूल पकड़ने के बाद पिछले महीने इस्तीफा दे दिया था।

सूत्रों के मुताबिक ट्रस्ट की बहुप्रतीक्षित बैठक में चंपत राय का इस्तीफा मंजूर किया जा सकता है।

उन्होंने बताया कि राम जन्मभूमि परिसर के अंदर बने अतिथि गृह में अपराह्न करीब तीन बजकर 15 मिनट पर बैठक शुरू हुई ।

यह बैठक मंदिर के दान में कथित हेराफेरी के विवाद के बीच हो रही है। इस मामले की जांच के लिये गठित विशेष अन्वेषण दल (एसआईटी) की शुरुआती जांच के आधार पर मुकदमा दर्ज होने के बाद आठ लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

बैठक में ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास समेत सात स्थायी सदस्य शामिल हैं मगर सूत्रों के मुताबिक बैठक में चंपत राय और अनिल मिश्रा दोनों ही मौजूद नहीं थे।

बैठक के लिए राम मंदिर परिसर के आस-पास सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए और कार्यक्रम स्थल के पास निजी गाड़ियों (मीडियाकर्मियों की गाड़ियों समेत) की आवाजाही पर रोक लगा दी गयी।

सुरक्षा कारणों से बैठक की जगह मणि राम दास छावनी से बदलकर मंदिर परिसर के अंदर बने गेस्ट हाउस में कर दी गई थी।

इससे पहले ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास ने कहा कि वह कथित चोरी की घटना से बहुत आहत हैं और उन्होंने इसके लिए ज़िम्मेदार लोगों को कड़ी से कड़ी सज़ा देने की मांग की।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर भरोसा जताते हुए उन्होंने कहा कि वे इस ‘पाप’ में शामिल सभी लोगों को सजा दिलाएंगे।

उन्होंने इस मुद्दे का राजनीतिक फायदा नहीं उठाने की अपील भी की।

भाषा चंदन सलीम राजकुमार

राजकुमार

राजकुमार