ग्वालियर। Mohan Yadav Latest News: ग्वालियर दौरे पर पहुंचे मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि मध्यप्रदेश ने नए वक्फ कानून के प्रावधानों को लागू करने की दिशा में देश में पहली पहल की है। उन्होंने बताया कि राज्य वक्फ बोर्ड में पहली बार दो हिंदू सदस्यों की नियुक्ति की गई है। मुख्यमंत्री ने इसका श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा लाए गए नए वक्फ कानून को देते हुए कहा कि अब कानून के तहत अन्य समुदायों के लोगों को भी वक्फ बोर्ड में शामिल किए जाने का प्रावधान है। मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश इस व्यवस्था को लागू करने वाला देश का पहला राज्य बन गया है। उनके अनुसार, यह कदम पारदर्शिता, समावेशिता और बेहतर प्रशासन की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।
Mohan Yadav Latest News: डॉ. यादव ने समान नागरिक संहिता (यूसीसी) को लेकर भी सरकार का रुख स्पष्ट किया। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश “एक देश, एक विधान, एक प्रधान” की भावना को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि धर्म कोई भी हो, सभी नागरिकों के लिए विवाह संबंधी समान व्यवस्था होना समय की आवश्यकता है। महिलाओं के अधिकारों और समानता को सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में बताते हुए उन्होंने कहा कि बहनों के हितों की रक्षा के लिए अनुकूल कानूनी व्यवस्था विकसित करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने शिवपुरी में स्थापित हो रही अडानी इंटरप्राइजेज की डिफेंस यूनिट का उल्लेख करते हुए कहा कि ग्वालियर-चंबल अंचल आने वाले समय में देश के रक्षा उत्पादन का महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा। उन्होंने कहा कि सरकार नए उद्योगों के माध्यम से क्षेत्र में निवेश बढ़ाने, रोजगार के अवसर सृजित करने और औद्योगिक विकास को गति देने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि रक्षा क्षेत्र में हो रहे निवेश से ग्वालियर-चंबल क्षेत्र की आर्थिक तस्वीर बदलेगी और मध्यप्रदेश देश के प्रमुख औद्योगिक राज्यों में अपनी स्थिति और मजबूत करेगा।