राकांपा अजित पवार के जन्म दिन के उपलक्ष्य में 22 से 26 जुलाई के बीच जनसेवा सप्ताह मनाएगी

Ads

राकांपा अजित पवार के जन्म दिन के उपलक्ष्य में 22 से 26 जुलाई के बीच जनसेवा सप्ताह मनाएगी

  •  
  • Publish Date - July 6, 2026 / 08:16 PM IST,
    Updated On - July 6, 2026 / 08:16 PM IST

मुंबई, छह जुलाई (भाषा) महाराष्ट्र में सत्तारूढ़ राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) ने सोमवार को घोषणा की कि वह अपने पूर्व अध्यक्ष दिवंगत अजित पवार के जन्म दिन के उपलक्ष्य में 22 से 26 जुलाई तक पूरे राज्य में जनसेवा सप्ताह मनाएगी। इस दौरान पर्यावरण, स्वास्थ्य सेवा, कृषि, महिलाओं और युवाओं से जुड़े कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

राकांपा की महाराष्ट्र इकाई के अध्यक्ष सुनील तटकरे ने यह घोषणा की और बताया कि इस दौरान पूरे महाराष्ट्र में पौधारोपण अभियान, रक्तदान शिविर, मुफ्त स्वास्थ्य जांच, स्वच्छता अभियान, किसानों की कार्यशालाएं और युवा नेतृत्व शिविर जैसी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी जिनमें अजित पवार की जन-सेवा की सोच प्रतिबिंबित होगी।

उन्होंने बताया कि पर्यावरण श्रेणी के तहत पार्टी ‘हरित महाराष्ट्र’ थीम पर पूरे राज्य में पौधारोपण अभियान चलाएगी, जबकि अभिनेता सयाजी शिंदे सह्याद्रि देवराई फाउंडेशन के माध्यम से, सभी जिलों में ‘देवगिरी से देवराई’ वनीकरण परियोजना का नेतृत्व करेंगे।

तटकरे ने कहा कि पार्टी के नेताओं से अपने-अपने निर्वाचन क्षेत्रों में ऐसी परियोजना शुरू करने का आग्रह किया गया है।

उन्होंने कहा कि जनसेवा सप्ताह के दौरान रक्तदान शिविर, मुफ्त चिकित्सा जांच एवं नैदानिक शिविर आयोजित किये जाएंगे। साथ ही मधुमेह, उच्च रक्तचाप, आंखों की बीमारियों, स्तन, ग्रीवा और मुंह के कैंसर की स्क्रीनिंग के साथ-साथ महिलाओं और बुज़ुर्गों में गठिया का पता लगाने के लिए भी शिविर आयोजित किए जाएंगे।

तटकरे ने कहा कि अल्पसंख्यक समुदायों को सरकारी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ आसानी से मिल सके, इसके लिए विशेष अभियान चलाया जाएग। उन्होंने बताया कि जिलों में इस कार्यक्रम के कार्यान्वयन में समन्वय की जिम्मेदारी प्रभारी मंत्रियों को सौंपी गई है।

अजित पवार की जनवरी में अपने गृहनगर बारामती में एक विमान दुर्घटना में मौत हो गई थी।

भाषा धीरज अविनाश

अविनाश