मुंबई, छह जुलाई (भाषा) कांग्रेस की महाराष्ट्र इकाई ने सोमवार को घोषणा की कि वह अयोध्या स्थित राम मंदिर में चढावा से जुड़ी कथित अनियमितताओं के खिलाफ सात जुलाई से पूरे राज्य में आंदोलन शुरू करेगी और इसमें शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करेगी।
पार्टी ने एक बयान में कहा कि इस अभियान की शुरुआत मंगलवार को दिन में 11 बजे नासिक के कालाराम मंदिर में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल की मौजूदगी में प्रदर्शन के साथ होगी।
कांग्रेस ने आरोप लगाया कि भगवान राम को भक्तों द्वारा अर्पित नकद और सोने सहित चढ़ावा का राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) से जुड़े लोगों ने गबन किया है, और इसके लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
पार्टी ने कहा कि वह नौ से 14 जुलाई तक पूरे महाराष्ट्र में भगवान राम, शिव या हनुमान के मंदिरों में राज्य-व्यापी ‘‘रघुपति राघव राजाराम सत्याग्रह’’ आयोजित करेगी। इस दौरान पार्टी कार्यकर्ता शांतिपूर्ण प्रदर्शन और प्रार्थना करेंगे तथा उन लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करेंगे, जिन पर भक्तों के चढ़ावे की हेराफेरी में शामिल होने का आरोप है।
राम मंदिर के चढ़ावे में कथित हेराफेरी का मामला सात जून को सामने आया। बाद में, उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा गठित विशेष जांच टीम (एसआईटी) की शुरुआती रिपोर्ट के आधार पर 25 जून को प्राथमिकी दर्ज की गई।
भाषा आशीष दिलीप
दिलीप