चंडीगढ़: नियोक्ता के घर में घरेलू सहायिका मृत पायी गई, आत्महत्या की आशंका

Ads

चंडीगढ़: नियोक्ता के घर में घरेलू सहायिका मृत पायी गई, आत्महत्या की आशंका

  •  
  • Publish Date - July 19, 2026 / 06:46 PM IST,
    Updated On - July 19, 2026 / 06:46 PM IST

चंडीगढ़, 19 जुलाई (भाषा) चंडीगढ़ में एक व्यक्ति के घर में काम करने वाली 19 वर्षीय घरेलू सहायिका मृत पाई गई। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि घटना की जांच संदिग्ध आत्महत्या का मामला मानकर की जा रही है।

उत्तर प्रदेश निवासी लड़की के परिवार ने संवाददाताओं को बताया कि उसने एक सप्ताह पहले ही नियोक्ता के घर में काम करना शुरू किया था और वह वहीं एक कमरे में रहती थी।

पुलिस के अनुसार, शनिवार को लड़की का शव कथित तौर पर छत के हुक के सहारे लगाए गए फंदे से लटका पाया गया था, जिसके बाद घर के मालिक ने पुलिस को सूचना दी।

लड़की के भाई अमित ने अनहोनी की आशंका जताते हुए मामले की गहन जांच की मांग की और कहा कि उसे विश्वास नहीं है कि उसकी बहन ऐसा कदम उठा सकती थी।

अमित ने दावा किया कि परिवार के सदस्यों के मौके पर पहुंचने से पहले ही शव को सेक्टर-16 स्थित सरकारी मल्टी स्पेशियलिटी अस्पताल ले जाया गया था।

सेक्टर-3 थाने के अध्यक्ष संजीव कुमार ने बताया, “जांच के अनुसार, युवती ने आत्महत्या की है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।”

उन्होंने बताया कि एक कारोबारी ने हाल ही में युवती को अपने घर में घरेलू सहायिका के तौर पर काम पर रखा था।

भाषा जितेंद्र संतोष

संतोष