चांडी ओमन ने एनएसएस प्रमुख सुकुमारन नायर का बचाव किया

Ads

चांडी ओमन ने एनएसएस प्रमुख सुकुमारन नायर का बचाव किया

  •  
  • Publish Date - August 18, 2026 / 02:58 PM IST,
    Updated On - August 18, 2026 / 02:58 PM IST

कोट्टायम, 18 अगस्त (भाषा) कांग्रेस विधायक चांडी ओमन ने मंगलवार को नायर सर्विस सोसाइटी (एनएसएस) के महासचिव जी. सुकुमारन नायर की सराहना करते हुए उन्हें ‘‘केरल के लिए अनमोल’’ बताया।

ओमन की यह टिप्पणी केरल कांग्रेस (बी) के नेता के. बी. गणेश कुमार द्वारा नायर की कड़ी आलोचना किए जाने के बाद आई है।

‘नायर सर्विस सोसाइटी’ केरल में नायर समुदाय का प्रतिनिधित्व करने वाला एक प्रमुख संगठन है।

ओमन ने नायर का अपमान करने के प्रयासों को ‘‘बेहद घृणित’’ बताया। नायर के सार्वजनिक आचरण का बचाव करते हुए उन्होंने कहा, ‘‘हर व्यक्ति की अपनी शैली होती है। उस शैली को तोड़-मरोड़कर अलग तरीके से पेश करना सही नहीं है।’’

ओमन ने पत्रकारों से कहा कि सुकुमारन नायर ‘‘केरल के सार्वजनिक जीवन की सबसे महत्वपूर्ण हस्तियों में से एक’’ हैं। उन्होंने नायर को ‘‘केरल के लिए अनमोल’’ बताया।

कुमार ने एनएसएस के आंतरिक प्रबंधन को लेकर आरोप लगाए थे और नियुक्तियों तथा वित्तीय लेनदेन पर सवाल उठाए थे।

उन्होंने कहा था कि वह नायर के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू नहीं करेंगे, बल्कि अपने आरोपों को ‘‘जनता की अदालत’’ के सामने रखेंगे।

कुमार ने आरोप लगाया था कि नायर के रिश्तेदारों को एनएसएस द्वारा संचालित विभिन्न संस्थानों में महत्वपूर्ण पदों पर नियुक्त किया गया है।

उन्होंने एक बैंक से जुड़े कुछ वित्तीय लेनदेन और तमिलनाडु में स्थित उस कॉलेज के मौजूदा स्वामित्व पर भी सवाल उठाए थे, जो पहले एनएसएस के स्वामित्व में था।

उन्होंने आरोप लगाया था कि नायर ने एनएसएस पथनापुरम तालुक यूनियन को भंग कर लोकतांत्रिक मानदंडों के खिलाफ काम किया, जबकि उनका दावा था कि यूनियन के अधिकतर सदस्यों का समर्थन उनके साथ था।

नायर ने इससे पहले कहा था कि अगर कुमार को एनएसएस के कामकाज को लेकर कोई आपत्ति है तो उन्हें कानूनी रास्ता अपनाना चाहिए।

भाषा राखी सुरभि

सुरभि