मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने दक्षिण गुजरात की यात्रा वंदे भारत एक्सप्रेस से की

Ads

मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने दक्षिण गुजरात की यात्रा वंदे भारत एक्सप्रेस से की

  •  
  • Publish Date - June 19, 2026 / 12:05 AM IST,
    Updated On - June 19, 2026 / 12:05 AM IST

अहमदाबाद, 18 जून (भाषा) मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने बृहस्पतिवार को दक्षिण गुजरात की यात्रा वंदे भारत एक्सप्रेस से की। उन्होंने ऐसा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की उस अपील के मद्देनजर किया, जिसमें उन्होंने नागरिकों से ईंधन बचाने के लिए सार्वजनिक परिवहन सेवाओं का इस्तेमाल करने को कहा था।

पटेल ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि उन्होंने राज्यपाल आचार्य देवव्रत और गुजरात भाजपा अध्यक्ष जगदीश विश्वकर्मा के साथ दक्षिण गुजरात के आदिवासी क्षेत्रों की दो दिवसीय यात्रा शुरू की है।

पटेल ने कहा, ‘नरेन्द्र मोदी के प्रधानमंत्री के रूप में सफल कार्यकाल के दौरान आदिवासी क्षेत्रों में विकास के प्रति अभूतपूर्व जागरूकता आई है।’

अपनी ट्रेन यात्रा का जिक्र करते हुए पटेल ने कहा, ‘प्रधानमंत्री ने देशवासियों से ईंधन बचाने के उद्देश्य से सार्वजनिक परिवहन सेवाओं को प्राथमिकता देने की अपील की है और इसी के अनुरूप हमने वंदे भारत से यह यात्रा की है।’

मुख्यमंत्री ने कहा कि दो दिन की इस यात्रा के दौरान वह नवसारी ज़िले के दो गांवों के लोगों से मिलेंगे और विकास से जुड़े मुद्दों पर बातचीत करेंगे।

पटेल ने कहा, ‘हम खास तौर पर प्राकृतिक खेती और स्वच्छता जैसे विषयों पर चर्चा करेंगे।’’ उन्होंने कहा, ‘‘ग्रामीणों के साथ खाना खाने और गांव में रात्रि विश्राम का अनुभव निश्चित रूप से यादगार रहेगा।’

भाषा

शुभम अविनाश

अविनाश