मुख्यमंत्री ने बुराड़ी डीटीओ का औचक निरीक्षण किया, अव्यवस्था पर नाराजगी जताई

Ads

मुख्यमंत्री ने बुराड़ी डीटीओ का औचक निरीक्षण किया, अव्यवस्था पर नाराजगी जताई

  •  
  • Publish Date - June 2, 2026 / 09:11 PM IST,
    Updated On - June 2, 2026 / 09:11 PM IST

नयी दिल्ली, दो जून (भाषा) दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मंगलवार को बुराड़ी जिला परिवहन कार्यालय (डीटीओ) परिसर का दौरा किया और अपर्याप्त एवं खराब सुविधाओं की शिकायतों के बाद अधिकारियों को इस कार्यालय के पुनर्विकास की योजना तैयार करने का आदेश दिया।

मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) द्वारा जारी बयान के मुताबिक, गुप्ता ने डीटीओ के साथ बुराड़ी में निर्माणाधीन स्वचालित परीक्षण केंद्र (एटीएस) का निरीक्षण किया, जहां उन्होंने अधिकारियों को परिवहन विभाग के कार्यालय आने वाले लोगों को बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

गुप्ता ने कहा, “सरकार का उद्देश्य केवल सरकारी इमारतों का निर्माण करना नहीं है, बल्कि ऐसी व्यवस्थाएं बनाना है जो नागरिकों को सम्मानजनक, पारदर्शी और सुविधाजनक सेवाएं प्रदान करें।”

निरीक्षण के दौरान, गुप्ता ने बुराड़ी डीटीओ में ड्राइविंग लाइसेंस परीक्षा देने आए लोगों से बातचीत की। लोगों ने बैठने की पर्याप्त व्यवस्था का अभाव, स्वच्छ पेयजल की कमी और लंबे इंतजार की शिकायत की।

बयान के मुताबिक, शिकायतों का गंभीरता से संज्ञान लेते हुए, मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों और सुरक्षाकर्मियों को फटकार लगाई और स्पष्ट निर्देश दिया कि किसी भी नागरिक को अनावश्यक रूप से बाहर इंतजार न कराया जाए और सभी आवेदकों के लिए भवन के अंदर तत्काल प्रभाव से बैठने की व्यवस्था की जाए।

उन्होंने अधिकारियों को बैठने की पर्याप्त क्षमता, स्वच्छ और ठंडा पेयजल, पंखे, कूलर, स्वच्छ शौचालय और अन्य आवश्यक सुविधाओं से युक्त आधुनिक प्रतीक्षा क्षेत्र विकसित करने का निर्देश दिया।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को पूरे परिसर के लिए व्यापक पुनर्विकास योजना तैयार करने का निर्देश दिया, जिसमें नागरिक सुविधाओं, पार्किंग, हरित क्षेत्रों, प्रशासनिक कार्यालयों, प्रशिक्षण अवसंरचना और भविष्य की आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए आधुनिक सुविधाओं को शामिल किया जाए।

गुप्ता ने एटीएस परियोजना का निरीक्षण भी किया और अधिकारियों के साथ निर्माण कार्य की प्रगति की समीक्षा की।

अधिकारियों के अनुसार, नया स्टेशन एक साथ पांच वाहनों का परीक्षण करने में सक्षम होगा और प्रतिवर्ष 80,000 से 90,000 वाणिज्यिक वाहनों का फिटनेस निरीक्षण करने की क्षमता रखेगा।

अपने निरीक्षण के दौरान, मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को भूजल पुनर्भरण के लिए वर्षा जल का अधिकतम उपयोग करने का भी निर्देश दिया।

मुख्यमंत्री ने वर्तमान वाहन निरीक्षण इकाई का भी दौरा किया। उन्होंने पाया कि इकाई कार्यरत है, लेकिन वहां उपयोग की जा रही कई संरचनाएं और सुविधाएं काफी पुरानी हो चुकी हैं।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वाहन निरीक्षण प्रणाली को नवीनतम तकनीकों के अनुरूप उन्नत किया जाए ताकि फिटनेस परीक्षण अधिक वैज्ञानिक, पारदर्शी और प्रभावी बन सके।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आधुनिक तकनीक आधारित परीक्षण व्यवस्था सड़क सुरक्षा को और मजबूत करेगी और नागरिकों का विश्वास भी बढ़ाएगी।

बयान के अनुसार, मुख्यमंत्री ने भारी मोटर वाहन प्रशिक्षण संस्थान का भी दौरा किया। उन्होंने ‘ड्राइविंग सिमुलेशन कक्ष’, तकनीकी प्रशिक्षण प्रयोगशालाओं, इंजन एवं वाहन प्रणाली प्रशिक्षण कक्षों का मुआयना किया।

मुख्यमंत्री ने प्रशिक्षकों और प्रशिक्षुओं से संवाद कर प्रशिक्षण प्रक्रियाओं की जानकारी प्राप्त की।

भाषा नोमान नोमान अविनाश

अविनाश