अगरतला, 17 सितंबर (भाषा) त्रिपुरा में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत सरकार द्वारा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 76वें जन्मदिन के अवसर पर आयोजित कार्यक्रमों की श्रृंखला के तहत बृहस्पतिवार को गोमती जिले के त्रिपुरा सुंदरी मंदिर में एक विशेष प्रार्थना का आयोजन किया गया।
यह मंदिर 51 शक्तिपीठों में से एक है, यहां आयोजित इस विशेष पूजा में मुख्यमंत्री माणिक साहा, वित्त मंत्री प्रणजीत सिंघा रॉय और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अभिषेक देवरॉय शामिल हुए।
साहा ने महीने भर चलने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान’ के हिस्से के रूप में प्रज्ञा भवन में एक विशाल रक्तदान शिविर का उद्घाटन भी किया और अभयनगर स्थित एक सरकारी अनाथालय का दौरा किया।
साहा ने कहा कि रक्तदान समाज सेवा के सबसे महान रूपों में से एक है और उन्होंने लोगों से स्वैच्छिक रक्तदान में भाग लेने की अपील की।
उन्होंने कहा, ‘जिस समाज में हम पैदा होते हैं और बड़े होते हैं, उसके प्रति हमारा एक कर्तव्य है। रक्तदान से बड़ा कोई दान नहीं है क्योंकि यह कई लोगों की जान बचाता है।’
मुख्यमंत्री ने कहा, ‘हम समाज सेवा में सक्रिय रूप से भाग लेकर ही माननीय प्रधानमंत्री के प्रति अपना सच्चा सम्मान प्रकट कर सकते हैं।’
भाषा सुमित माधव
माधव