मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता भगवान श्री जगन्नाथ की रथ यात्राओं में शामिल हुईं

Ads

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता भगवान श्री जगन्नाथ की रथ यात्राओं में शामिल हुईं

  •  
  • Publish Date - July 16, 2026 / 08:37 PM IST,
    Updated On - July 16, 2026 / 08:37 PM IST

नयी दिल्ली, 16 जुलाई (भाषा) दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता बृहस्पतिवार को राजधानी में आयोजित भगवान श्री जगन्नाथ की रथ यात्राओं में शामिल हुईं और राजधानीवासियों की सुख, समृद्धि और खुशहाली के लिए प्रार्थना की।

एक आधिकारिक बयान के मुताबिक, गुप्ता ने रोहिणी स्थित भगवान जगन्नाथ मंदिर में आयोजित 21वीं वार्षिक रथ यात्रा के प्रारंभ में भाग लिया। इस अवसर पर उन्होंने भगवान श्री जगन्नाथ, भगवान बलभद्र और बहन सुभद्रा की विधिवत पूजा-अर्चना की।

इसमें कहा गया है कि गुप्ता ने परंपरागत ‘छेरा पहरा’ परम्परा का निर्वहन करते हुए रथ के समक्ष झाड़ू लगाई। इसके बाद उन्होंने शालीमार बाग स्थित शिव मंदिर जगन्नाथ दरबार, सैनी धर्मशाला समिति द्वारा आयोजित श्री जगन्नाथ रथ यात्रा में भी शिरकत की और श्रद्धालुओं के साथ पूजा-अर्चना की।

गुप्ता ने कहा कि भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि सेवा, समर्पण और लोककल्याण की महान परंपरा का प्रतीक है।

उन्होंने कहा, “रथ के समक्ष झाड़ू लगाने की परंपरा समाज को यह संदेश देती है कि जनसेवा और विनम्रता ही सच्चे नेतृत्व की पहचान है।”

मुख्यमंत्री ने कहा कि भगवान जगन्नाथ की कृपा से दिल्ली निरंतर विकास के पथ पर आगे बढ़े और राजधानी का प्रत्येक नागरिक सुख, समृद्धि और खुशहाली से परिपूर्ण जीवन व्यतीत करे।

गुप्ता ने कामना की कि भगवान जगन्नाथ, भगवान बलभद्र और बहन सुभद्रा की कृपा दिल्लीवासियों पर सदैव बना रही और उनके आशीष से ‘विकसित दिल्ली’ के संकल्प को नई ऊर्जा मिले।

भाषा नोमान नोमान माधव

माधव