बेंगलुरु, 15 मार्च (भाषा) कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धरमैया ने रविवार को कहा कि उन्होंने केंद्र सरकार को पत्र लिखकर राज्य के कुछ हिस्सों में रसोई गैस की किल्लत को दूर करने के लिए अन्य देशों से एलपीजी आयात सहित वैकल्पिक उपायों पर विचार करने का आग्रह किया है।
मुख्यमंत्री ने यहां संवाददाताओं से कहा कि राज्य सरकार ने विधानमंडल में इस मुद्दे पर पहले ही जवाब दे दिया है और एलपीजी की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए केंद्र सरकार से भी इस मामले पर बात की है।
सिद्धरमैया ने कहा, “सरकार विधानसभा और विधान परिषद दोनों में दो बार पहले ही जवाब दे चुकी है। मैंने भी एक पत्र लिखा है। इस किल्लत के संबंध में मैंने कहा है कि इससे बचने के लिए अन्य देशों से एलपीजी मंगाने जैसे वैकल्पिक उपायों पर विचार किया जाना चाहिए। मैं अब भी केंद्र सरकार से आग्रह कर रहा हूं।”
उन्होंने बताया कि आबादी का एक बड़ा हिस्सा भोजन के लिए होटलों पर निर्भर है और चेतावनी दी कि एलपीजी आपूर्ति में व्यवधान से दैनिक जीवन प्रभावित हो सकता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने आश्वासन दिया है कि आपूर्ति में कोई व्यवधान न हो, इसके लिए कदम उठाए जाएंगे।
उन्होंने कहा, “बहुत से लोग खाने के लिए होटलों पर निर्भर हैं। अगर होटल बंद हो गए तो इससे बहुत परेशानी होगी और पूरा जनजीवन अस्त-व्यस्त हो जाएगा।”
मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि उन्होंने केंद्र सरकार से इस समस्या के समाधान के लिए तुरंत कार्रवाई करने का आग्रह किया है।
भाजपा की राज्य इकाई के नेताओं द्वारा अन्य राज्यों में एलपीजी की किल्लत की शिकायत न किए जाने संबंधी टिप्पणी का जवाब देते हुए सिद्धरमैया ने कहा, “तो उन्हें ही आपूर्ति करने दीजिए। शायद वे कर्नाटक के प्रति सौतेला रवैया अपना रहे हैं। उन्हें ही कर्नाटक को आपूर्ति करने दीजिए। हम इसे अपने पास रखकर क्या करेंगे?”
भाषा
राखी दिलीप
दिलीप