मुख्यमंत्री विजय पश्चिमी तमिलनाडु के अन्नाद्रमुक के गढ़ में करेंगे चुनाव प्रचार
मुख्यमंत्री विजय पश्चिमी तमिलनाडु के अन्नाद्रमुक के गढ़ में करेंगे चुनाव प्रचार
चेन्नई, 30 सितंबर (भाषा) तमिलनाडु में मुख्यमंत्री और तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) के संस्थापक सी. जोसेफ विजय के धारापुरम विधानसभा क्षेत्र में होने वाले उपचुनाव प्रचार के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। पार्टी सूत्रों ने बुधवार को यह जानकारी दी।
विजय ने खुद को अन्नाद्रमुक के दिग्गज नेताओं एम. जी. रामचंद्रन और जे. जयललिता की कल्याणकारी विरासत के उत्तराधिकारी के रूप में पेश किया है। ऐसे में पश्चिमी तमिलनाडु के अन्नाद्रमुक के गढ़ माने जाने वाले धारापुरम में उनके प्रचार को खासा महत्व दिया जा रहा है।
विजय के दोपहर तीन बजे तक प्रचार अभियान शुरू करने की उम्मीद है।
टीवीके प्रमुख ने कुछ दिन पहले मदुरांतकम विधानसभा क्षेत्र में प्रचार करते हुए कहा था कि एमजीआर और ‘अम्मा’ जयललिता के बाद वह ही हैं जो ‘‘दुष्ट ताकत द्रमुक’’ का विरोध कर रहे हैं। मदुरांतकम में भी छह अक्टूबर को धारापुरम के साथ उपचुनाव होगा।
टीवीके के चुनावी अभियान का महत्व इसलिए भी बढ़ गया है क्योंकि तमिलनाडु के पश्चिमी हिस्से को पारंपरिक रूप से अन्नाद्रमुक का गढ़ माना जाता रहा है। हालांकि, 2026 के तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में अन्नाद्रमुक तीसरे स्थान पर खिसक गई थी।
ये उपचुनाव अन्नाद्रमुक विधायकों के. मरगतम कुमारवेल (मदुरांतकम) और पी. सत्यबामा (धारापुरम) के इस्तीफे के कारण जरूरी हुए। बाद में दोनों सत्तारूढ़ टीवीके में शामिल हो गए। टीवीके ने दोनों पूर्व अन्नाद्रमुक नेताओं को क्रमश: मदुरांतकम और धारापुरम से फिर उम्मीदवार बनाया है।
आमतौर पर नेता किसी स्थान पर मंच से जनसभा को संबोधित करते हैं और रोड शो के लिए वाहनों का इस्तेमाल करते हैं। लेकिन अभिनेता से नेता बने विजय शुरू से ही चुनाव प्रचार सहित विभिन्न जनसंपर्क कार्यक्रमों के लिए अपने प्रचार वाहन यानी ‘कारवां’ को प्राथमिकता देते रहे हैं।
टीवीके प्रमुख का यह वाहन एक बस को मोटरहोम में तब्दील करके बनाया गया है और अब यह काफी लोकप्रिय हो चुका है। उनका यह प्रचार वाहन धारापुरम के विशाल कार्यक्रम स्थल पर पहले ही पहुंच चुका है।
विजय पूर्वाह्न 11 बजकर 45 मिनट पर विशेष विमान से चेन्नई से कोयंबटूर के लिए रवाना होंगे। वहां से वह सड़क मार्ग से धारापुरम पहुंचेंगे।
पुलिस ने बताया कि सभा के लिए व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं और करीब 3,000 सुरक्षाकर्मियों को तैनात किया गया है।
टीवीके पहले ही स्पष्ट कर चुकी है कि कार्यक्रम स्थल में प्रवेश केवल क्यूआर कोड वाले पास के जरिए दिया जाएगा। सत्तारूढ़ पार्टी के अनुसार, क्यूआर कोड वाले प्रवेश पास वाले केवल 5,000 लोगों को ही कार्यक्रम में शामिल होने की अनुमति होगी।
विजय तिरुप्पुर जिले के अंतर्गत आने वाले धारापुरम के चित्रवुथनपालयम में चुनाव प्रचार करेंगे।
पार्टी ने गर्भवती महिलाओं, बच्चों, स्कूली विद्यार्थियों, बुजुर्गों, दिव्यांगों और पहले से किसी बीमारी से जूझ रहे लोगों को रैली में शामिल न होने की सलाह दी है।
कार्यक्रम स्थल पर पेयजल सहित बुनियादी सुविधाओं की व्यवस्था की गई है और चिकित्सा दल भी तैनात किए गए हैं।
भाषा गोला मनीषा
मनीषा

Facebook


