उत्तराखंड में वासुकीताल ट्रेक पर पांच ट्रेकर्स लापता
उत्तराखंड में वासुकीताल ट्रेक पर पांच ट्रेकर्स लापता
देहरादून, 30 सितंबर (भाषा) उत्तराखंड में रुदप्रयाग जिले के उच्च हिमालयी क्षेत्र में वासुकीताल ट्रेक पर गए पांच ट्रेकरों का एक दल लापता हो गया है जिसे ढूंढने के प्रयास शुरू कर दिए गए हैं । अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी ।
रुद्रप्रयाग के जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि केदारनाथ—वासुकीताल ट्रेक पर गए दल में शामिल एक ट्रेकर प्रवेश चौहान के भाई ने उससे संपर्क नहीं होने के बाद जिला आपदा प्रबंधन कार्यालय को इस बारे में सूचित किया ।
अधिकारी ने बताया कि सूचना मिलने के बाद मंगलवार को एक हेलीकॉप्टर के माध्यम से दल को ढूंढने का प्रयास किया लेकिन उनका पता नहीं चला । उन्होंने बताया कि दल की तलाश के लिए एक पैदल टीम भी रवाना की गयी है ।
अधिकारी ने बताया कि 25 सितंबर को यह दल रवाना हुआ था और अमूमन इस ट्रेक को पूरा कर लौटने में 10—12 दिन का समय लगता है लेकिन संपर्क नहीं हो पाने के कारण उनकी खोज की जा रही है ।
प्रदेश में 26 और 27 सितंबर को निचले इलाकों में भारी बारिश तथा उंचाई वाले क्षेत्रों में भारी बर्फबारी दर्ज की गयी थी जिसके लिए मौसम विभाग द्वारा पहले से ही चेतावनी जारी की गयी थी । मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उस दौरान अधिकारियों को 24 घंटे सतर्क रहने के निर्देश देते हुए लोगों से भी अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की थी ।
इस संबंध में पूछे जाने पर रजवार ने स्पष्ट किया कि दल ने ट्रेक पर रवाना होने से पहले अनुमति नहीं ली अन्यथा प्रशासन उन्हें जाने से रोकता ।
गौरतलब है कि इस दौरान बर्फबारी होने से प्रदेश के उच्च हिमालयी क्षेत्रों में कालिंदी खाल, ऑडेन कोल तथा वासुकीताल सहित विभिन्न ट्रेकों पर फंस गए 67 ट्रेकर्स को हेलीकॉप्टर के माध्यम से निकाला गया था ।
भाषा दीप्ति
मनीषा
मनीषा

Facebook


