कोलकाता, 20 अगस्त (भाषा) जादवपुर विश्वविद्यालय में बृहस्पतिवार तड़के अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) और वामपंथी विचारधारा वाले छात्र संगठनों के सदस्यों के बीच झड़प हो गई। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर परिसर में बाहरी लोगों को लाने का आरोप लगाया। विश्वविद्यालय के सूत्रों ने यह जानकारी दी।
सूत्रों ने बताया कि झड़प में कई छात्र घायल हो गए और उनमें से कुछ को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया।
विश्वविद्यालय के सूत्रों में से एक ने बताया कि यह टकराव बुधवार को ‘फैकल्टी ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी स्टूडेंट्स यूनियन’ (एफईईटीएसयू) की एक आम बैठक को लेकर शुरू हुआ और देर रात तक जारी रहा।
बढ़ते तनाव के बीच यादवपुर विश्वविद्यालय की प्रशासनिक इमारत ‘अरबिंदो भवन’ को बंद कर दिया गया जबकि छात्रों के समूह इमारत के बाहर जमा हो गए।
विश्वविद्यालय के सूत्रों ने बताया कि बृहस्पतिवार तड़के परिसर में कुछ जगहों पर आगजनी भी की गई।
छात्रों के सोशल मीडिया ग्रुप में वायरल हो रहे वीडियो में कई लोगों को नारे लगाते और विश्वविद्यालय की बंद इमारतों में घुसने की कोशिश करते हुए देखा गया।
दोनों गुटों ने विश्वविद्यालय के बाहर के लोगों की मौजूदगी को लेकर एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगाए हैं।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) संबद्ध अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) ने आरोप लगाया कि ‘स्टूडेंट फेडरेशन ऑफ इंडिया’ (एसएफआई) और ‘डेमोक्रेटिक स्टूडेंट्स ऑर्गेनाइजेशन-डेमोक्रेटिक स्टूडेंट्स फ्रंट’ (डीएसओ-डीएसएफ) जैसे वामपंथी छात्र संगठनों के सदस्यों ने एफईटीएसयू की बैठक की आड़ में टकराव शुरू किया।
वहीं, वामपंथी झुकाव वाले छात्र संगठनों ने एबीवीपी पर बाहरी लोगों को परिसर में लाने और तोड़-फोड़ करने का आरोप लगाया।
एबीवीपी के पदाधिकारी शुभब्रत अधिकारी ने आरोप लगाया कि हमले में विश्वविद्यालय के बाहर के कई लोग शामिल थे और प्राथमिकी दर्ज कराई जा रही है।
उन्होंने यह भी कहा कि संगठन के सदस्य विरोध जताने के लिए यादवपुर थाने के बाहर जमा हुए थे।
वामपंथी छात्र संगठनों ने इस आरोप को खारिज कर दिया और एबीवीपी पर विश्वविद्यालय की जगहों में घुसने और उन पर कब्जा करने की कोशिश करने का आरोप लगाया।
डीएसओ नेताओं ने आरोप लगाया कि झड़प के दौरान झंडे नीचे गिरा दिए गए और आग लगाई गई।
एबीवीपी ने इस घटना को लेकर बृहस्पतिवार को विश्वविद्यालय परिसर में प्रदर्शन करने की घोषणा की है।
एसएफआई की राज्य समिति के सदस्य शुभजीत सरकार ने बताया कि एसएफआई ने विश्वविद्यालय के पास 8बी बस अड्डे पर दिन में रैली करने की घोषणा की है।
भाषा सुरभि मनीषा
मनीषा