हैदराबाद, 20 अगस्त (भाषा) तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी, कांग्रेस की तेलंगाना इकाई के अध्यक्ष बी महेश कुमार गौड़ एवं पार्टी के अन्य नेताओं ने बृहस्पतिवार को पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की 82वीं जयंती पर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
रेड्डी ने पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी को सभी के लिए प्रेरणा का स्रोत बताया और उनके द्वारा संजोए गए शांति, भाईचारे और समानता के सिद्धांतों पर एक मजबूत भारत के निर्माण का आह्वान किया।
रेड्डी ने एक विज्ञप्ति में कहा, ‘आधुनिक भारत के शिल्पकार राजीव गांधी की जयंती ‘सद्भावना दिवस’ के रूप में मनाई जाती है, जिसका संदेश देश भर में शांति, भाईचारे, सांप्रदायिक सद्भाव और एकता को बढ़ावा देना है।’
गौड़ ने निजामाबाद में राजीव गांधी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की और देश के लिए पूर्व प्रधानमंत्री के योगदान को याद किया। उन्होंने विशेष रूप से युवा सशक्तीकरण, प्रौद्योगिकी को बढ़ावा देने और स्थानीय निकायों के क्षेत्र में उनके द्वारा किए गए कार्यों को याद किया।
कांग्रेस नेताओं ने राज्य में कई स्थानों पर राजीव गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित की।
राजीव गांधी का जन्म 20 अगस्त 1944 को हुआ था। वह 40 वर्ष की उम्र में 31 अक्टूबर 1984 को देश के प्रधानमंत्री बने और दो दिसंबर 1989 तक इस पद पर रहे। तमिलनाडु के श्रीपेरंबदूर में 21 मई 1991 को चुनावी सभा के दौरान आत्मघाती हमले में उनकी हत्या कर दी गई थी।
भाषा प्रचेता रंजन
रंजन