मुख्यमंत्री विजय अन्नाद्रमुक विधायकों की खरीद-फरोख्त में व्यस्त: स्टालिन
मुख्यमंत्री विजय अन्नाद्रमुक विधायकों की खरीद-फरोख्त में व्यस्त: स्टालिन
चेन्नई, 13 जून (भाषा) द्रविड़ मुन्नेत्र कषगम (द्रमुक) के अध्यक्ष एम. के. स्टालिन ने शनिवार को आरोप लगाया कि तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय अब “अन्नाद्रमुक के विधायकों की खरीद-फरोख्त” कर रहे हैं।
उन्होंने यह आरोप भी लगाया कि विजय भाजपा की “ज़ेरॉक्स कॉपी” की तरह व्यवहार कर रहे हैं, जिसकी वजह से उनका समर्थन करने वाले दल गहरी शर्मिंदगी महसूस कर रहे हैं।
द्रमुक की महिला विंग की परामर्श बैठक को संबोधित करते हुए स्टालिन ने यह बात कही।
स्टालिन ने कहा कि आमतौर पर लोग खरीदारी के दौरान कपड़े और घर-गृहस्थी की जरूरत का सामान खरीदते हैं।
उन्होंने कहा, “लेकिन क्या आप जानते हैं कि हमारे मुख्यमंत्री अभी क्या कर रहे हैं? वह अन्नाद्रमुक के विधायकों की ‘खरीद-फरोख्त’ कर रहे हैं। हमें संदेह है कि क्या उन्हें अपनी ही सरकार पर भरोसा नहीं है, या फिर उन अन्य दलों पर विश्वास नहीं है जो उनका समर्थन कर रहे हैं?”
उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा, “सबसे पहले अपनी सरकार बचाने के लिए उन्होंने अन्नाद्रमुक विधायकों से टीवीके के पक्ष में मतदान करवाया। फिर उन्होंने उन विधायकों से इस्तीफा दिलवाया और अगले ही पल उन्हें अपनी पार्टी में शामिल कर लिया।”
स्टालिन ने कहा, “मुख्यमंत्री विजय वही कर रहे हैं जो भाजपा दूसरे राज्यों में करती है। दूसरे शब्दों में कहें तो वह भाजपा की ज़ेरॉक्स कॉपी की तरह व्यवहार कर रहे हैं। जिन दलों ने उनका समर्थन किया, वे अब इस मुद्दे पर सवाल पूछे जाने पर गहरी शर्मिंदगी और असहजता महसूस कर रहे हैं।”
भाषा जोहेब पवनेश
पवनेश

Facebook


