कॉजपा नेता ने पार्टी स्वयंसेवक के पिता की मौत मामले में गिरफ्तारी के लिए 10 दिन का समय दिया

Ads

कॉजपा नेता ने पार्टी स्वयंसेवक के पिता की मौत मामले में गिरफ्तारी के लिए 10 दिन का समय दिया

  •  
  • Publish Date - August 17, 2026 / 05:29 PM IST,
    Updated On - August 17, 2026 / 05:29 PM IST

इंदास (पश्चिम बंगाल), 17 अगस्त (भाषा) कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) के एक नेता ने बांकुड़ा जिले में पार्टी के स्वयंसेवक के पिता की मौत के मामले में कथित तौर पर शामिल सभी लोगों को गिरफ्तार करने की सोमवार को मांग की। उन्होंने कार्रवाई के लिए पश्चिम बंगाल सरकार को 10 दिन का समय देते हुए स्थानीय थाने के पुलिसकर्मियों के आचरण की भी जांच की मांग की।

कॉजपा नेता आशुतोष रांका दिल्ली से आए अपने सहयोगियों के साथ बांकुड़ा के इंदास स्थित करिशुंडा गांव पहुंचे। उन्होंने मृतक के परिवार से मुलाकात की और उनके बेटे अब्दुल हफीज से बात की। आरोप है कि घर पर हुए हमले के बाद हफीज के पिता की मौत हो गई थी।

रांका ने यह भी मांग की कि सरकार पीड़ित परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करे और आरोपियों के खिलाफ कानून की सभी जरूरी धाराओं के तहत कार्रवाई करे।

परिवार से मुलाकात के बाद रांका ने पत्रकारों से कहा, ‘‘हम बंगाल सरकार को 10 दिन का समय दे रहे हैं। इस दौरान सभी आरोपियों को गिरफ्तार करके जेल भेजा जाना चाहिए और उन पर सभी जरूरी कानूनी धाराएं लगाई जानी चाहिए।’’

रांका ने इंदास थाने में तैनात पुलिसकर्मियों की भूमिका की अदालत की निगरानी में जांच कराने की भी मांग की। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस प्रशासन ने परिवार को पर्याप्त सहयोग नहीं दिया।

रांका ने कहा कि परिवार ने सरकार द्वारा दी जाने वाली मुआवजा राशि लेने से इनकार कर दिया है और इसके बजाय हफीज ने उस स्थान पर अपने पिता के नाम पर अंतरराष्ट्रीय स्तर के स्कूल के निर्माण की मांग की है।

कॉजपा नेता की मौजूदगी में हफीज ने कहा कि ऐसा स्कूल उनके पिता को उचित श्रद्धांजलि होगी और यह शिक्षा के मुद्दे पर जन लामबंदी का एक नया मॉडल बन सकता है।

रांका ने कहा कि कॉजपा हफीज को आर्थिक सहायता मुहैया कराएगी। उन्होंने राज्यव्यापी “स्कूल ठीक करो” अभियान शुरू करने की भी घोषणा की।

उन्होंने कहा, ‘‘अगर 10 दिन के भीतर आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया गया और हमारी अन्य मांगें पूरी नहीं की गईं, तो हम जिला प्रशासन कार्यालय का घेराव करेंगे और इसके बाद बड़े स्तर पर आंदोलन शुरू करेंगे।’’

मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) नेता शतरूप घोष ने भी परिवार से मुलाकात की और इस घटना को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) तथा उसके राज्य नेतृत्व की आलोचना की।

घोष ने अपराध पर अंकुश लगाने के लिए सरकार द्वारा उठाए गए कदमों के दावे पर सवाल उठाया और आरोप लगाया कि हमले में भाजपा से जुड़े लोग शामिल थे।

हफीज के पिता जनाब माफिक की कथित हमले के दो दिन बाद शनिवार रात बर्द्धमान मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल पाए जाने के बाद उन्हें पहले इंदास ब्लॉक प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया था। हालत बिगड़ने पर 15 अगस्त को उन्हें बर्द्धमान मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां शनिवार रात उनकी मौत हो गई।

कॉजपा ने बताया कि उसके 25 वर्षीय स्वयंसेवक अब्दुल हफीज 19 जुलाई को पार्टी के राष्ट्रव्यापी प्रदर्शन में हिस्सा लेने के बाद दिल्ली से लौटे थे। 13 अगस्त को वह पार्टी के ‘‘स्कूल ठीक करो’’ अभियान के तहत करिशुंडा वेस्ट पाड़ा प्राथमिक विद्यालय गए थे। इस अभियान का उद्देश्य सरकारी स्कूलों के बुनियादी ढांचे की कमियों का दस्तावेजीकरण करना था।

इस घटना को लेकर पश्चिम बंगाल में राजनीतिक टकराव शुरू हो गया है। पुलिस ने आठ लोगों को गिरफ़्तार किया है, जबकि भाजपा ने हमले से किसी भी तरह के संगठनात्मक संबंध से इनकार किया है।

भाषा आशीष दिलीप

दिलीप