तिरुपति, 29 मार्च (भाषा) आंध्र प्रदेश के प्रसिद्ध तिरुपति मंदिर का प्रशासन देखने वाली संस्था तिरुमाला तिरुपति देवोस्थानम (टीटीडी) द्वारा संचालित न्यासों को विशाखापत्तनम और बेंगलुरु की कंपनियों ने रविवार को करीब दो करोड़ रुपये का दान दिया है।
कंपनियों ने रंगनायकुला मंडपम में मंदिर के अधिकारी श्री रामकृष्ण को डिमांड ड्राफ्ट सौंपें।
यहां जारी एक प्रेस विज्ञप्ति के मुताबिक देवी फिशरीज लिमिटेड के निदेशकों, इंद्रनील चित्तूरी और महेंद्र यारलागड्डा ने टीटीडी के श्री वेंकटेश्वर प्राणदान न्यास को करीब एक करोड़ रुपये का दान दिया।
विज्ञप्ति के मुताबिक इसके अलावा बिल्वा इंफ्रा के प्रबंध निदेशक प्रवीण एस नायर ने टीटीडी के बालाजी इंस्टीट्यूट ऑफ सर्जरी, रिसर्च एंड रिहैबिलिटेशन फॉर द डिसेबल्ड (बीआईआरआरडी) ट्रस्ट को एक करोड़ रुपये का योगदान दिया।
श्री वेंकटेश्वर प्राणदान ट्रस्ट की स्थापना नवंबर 2001 में की गई थी और यह हृदय, गुर्दे, तंत्रिका संबंधी और कैंसर जैसी जानलेवा बीमारियों से पीड़ित आर्थिक रूप से वंचित रोगियों को मुफ्त चिकित्सा सेवा प्रदान करता है।
इसी प्रकार, बीआईआरआरडी ट्रस्ट शारीरिक रूप से अक्षम व्यक्तियों को उन्नत चिकित्सा उपचार और व्यापक पुनर्वास सेवाएं प्रदान करता है।
भाषा धीरज नरेश
नरेश