भाजपा की नयी सोशल मीडिया टीम को बधाई, हारने के लिए तैयार रहें: सुप्रिया श्रीनेत

Ads

भाजपा की नयी सोशल मीडिया टीम को बधाई, हारने के लिए तैयार रहें: सुप्रिया श्रीनेत

  •  
  • Publish Date - August 17, 2026 / 08:29 PM IST,
    Updated On - August 17, 2026 / 08:29 PM IST

नयी दिल्ली, 17 अगस्त (भाषा) कांग्रेस के सोशल मीडिया विभाग की प्रमुख सुप्रिया श्रीनेत ने सोमवार को भाजपा के सोशल मीडिया विभाग की नयी टीम को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उसके लिए लड़ाई बेहद कठिन होने वाली है और वे हारने के लिए तैयार रहें।

भाजपा के अध्यक्ष नितिन नवीन ने अपनी नयी टीम की घोषणा की। पार्टी ने सोशल मीडिया प्रकोष्ठ के प्रमुख अमित मालवीय के स्थान पर दीपक महस्के को नया प्रमुख नियुक्त किया। कई अन्य पदाधिकारियों की नियुक्ति भी की गई है।

श्रीनेत ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘नयी टीम को शुभकामनाएं, आपकी लड़ाई बेहद कठिन होने वाली है। हारने के लिए तैयार रहें। हम आपकी हर हरकत पर नजर बनाए हुए हैं, आपको करारा जवाब देने, आपके झूठ का पर्दाफाश करने और लोगों के हक की बात करने!’’

उन्होंने भाजपा के पूर्व सोशल मीडिया प्रमुख अमित मालवीय को ‘‘बेहद नाकारा सोशल मीड‍िया प्रमुख’’ बताते हुए उन पर फर्जी खबरें फैलाने का आरोप लगाया।

श्रीनेत ने दावा किया, ‘‘कांग्रेस ने सोशल मीड‍िया पर लगातार इनके फर्जी विमर्श को रौंदा, सच कहा, इनके झूठ का पर्दाफाश किया- जिसका नतीजा है कि युवा हमसे जुड़ते गए और आज सारे मंचों पर कांग्रेस भाजपा से मीलों आगे है।’’

उन्होंने भाजपा की सेाशल मीडिया टीम पर निशाना साधते हुए कहा, ‘‘फ‍िलहाल सब अपने अपने अकॉउंट लॉक करके सफाई में लगे हैं। इन लोगों के पुराने पोस्ट इतने गंदे, वाहियात और अश्लील हैं कि अकाउंट लॉक करना पड़ा।’’

श्रीनेत ने कहा कि कांग्रेस भाजपा की नयी टीम के बयानों और गतिविधियों का जवाब देती रहेगी तथा लोगों के हक की बात करती रहेगी।

भाषा हक अविनाश

अविनाश