नयी दिल्ली, 15 मई (भाषा) कांग्रेस ने शुक्रवार को दिल्ली में 14 जिला कांग्रेस कमेटियों के अध्यक्षों की नियुक्ति की।
ये नियुक्तियां राष्ट्रीय राजधानी में पार्टी की संगठनात्मक संरचना को मजबूत करने के उद्देश्य से चलाए जा रहे संगठन सृजन अभियान का हिस्सा हैं।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने तत्काल प्रभाव से इन नियुक्तियों को मंजूरी दी, जिसकी घोषणा पार्टी महासचिव केसी वेणुगोपाल ने एक बयान जारी कर की थी।
पार्टी के अनुसार, कांग्रेस पर्यवेक्षकों द्वारा की गयी विस्तृत जिला स्तरीय समीक्षाओं के बाद ये नियुक्तियां की गईं।
पर्यवेक्षकों ने व्यापक रिपोर्ट प्रस्तुत करने से पहले पार्टी पदाधिकारियों और हितधारकों से बातचीत की। बयान के मुताबिक, पर्यवेक्षकों ने इस प्रक्रिया के तहत वरिष्ठ नेताओं के साथ व्यक्तिगत बैठकें भी कीं।
नियुक्त किए गए लोगों में आदर्श नगर के लिए सिद्धार्थ राव, चांदनी चौक के लिए मोहम्मद उस्मान, करावल नगर के लिए मंगेश त्यागी, बाबरपुर के लिए राज कुमार जैन और पटपड़गंज के लिए विजेंद्र चौधरी शामिल हैं।
पार्टी ने कृष्णा नगर के लिए सुमित शर्मा, करोल बाग के लिए महेंद्र भास्कर, नयी दिल्ली के लिए मोहिंदर मंगला, रोहिणी के लिए इंद्रजीत सिंह और किराड़ी के लिए वरुण ढाका को नियुक्त किया है।
तिलक नगर जिले के लिए अमनदीप सिंह सूदन, नजफगढ़ के लिए राजेश यादव, महरौली के लिए वीरेंद्र शर्मा और बदरपुर के लिए हर्ष चौधरी को अध्यक्ष नियुक्त किया गया।
भाषा जितेंद्र वैभव
वैभव