बैंकॉक, 15 मई (भाषा) भारतीय बैडमिंटन स्टार पीवी सिंधू शुक्रवार को यहां थाईलैंड ओपन टूर्नामेंट के क्वार्टरफाइनल में एक गेम की बढ़त बनाने के बावजूद जापान की शीर्ष वरीयता प्राप्त अकाने यामागुची से हार गईं।
सिंधू 5,00,000 डॉलर पुरस्कार राशि के सुपर 500 टूर्नामेंट के एक घंटे से ज्यादा समय तक चले महिला एकल क्वार्टरफाइनल में दुनिया की तीसरे नंबर की खिलाड़ी यामागुची से 21-19, 18-21, 15-21 से हार गईं।
दो बार की ओलंपिक पदक विजेता और छठी वरीय सिंधू बृहस्पतिवार को डेनमार्क की अमाली शुल्ज को 21-13, 21-15 से हराकर क्वार्टरफाइनल में पहुंची थीं।
विश्व चैंपियनशिप 2021 के कांस्य पदक विजेता लक्ष्य सेन के अलावा सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की जोड़ी दिन में बाद में क्रमशः पुरुष एकल और पुरुष युगल के क्वार्टरफाइनल में खेलेगी।
भाषा नमिता आनन्द
आनन्द