शिमला, पांच मार्च (भाषा) कांगड़ा जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अनुराग शर्मा ने हिमाचल प्रदेश की एकमात्र राज्यसभा सीट के लिए बृहस्पतिवार को अपना नामांकन दाखिल किया।
उनके साथ मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया, कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष विनय कुमार, मंत्रिमंडल के मंत्री और अन्य वरिष्ठ पार्टी नेता मौजूद थे।
विपक्षी भाजपा ने अभी तक कोई उम्मीदवार नहीं उतारा है। बृहस्पतिवार को नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि थी, इसलिए शर्मा के निर्विरोध निर्वाचित होने की प्रबल संभावना है।
नामांकन पत्रों की जांच शुक्रवार को होगी। शर्मा के चुनाव की घोषणा 9 मार्च की समय सीमा के बाद की जाएगी।
कांगड़ा जिले के बैजनाथ से ताल्लुक रखने वाले शर्मा को मुख्यमंत्री सुक्खू का करीबी माना जाता है।
शर्मा के नामांकन दाखिल करने के बाद सुक्खू ने कहा कि लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने युवाओं पर भरोसा जताया है।
उन्होंने कहा कि इस फैसले से यह विश्वास भी पैदा हुआ है कि एक ग्रामीण कार्यकर्ता को भी पार्टी का टिकट मिल सकता है।
शर्मा का जन्म 29 अगस्त 1978 को हुआ और वह 1995 से कांग्रेस के सक्रिय सदस्य रहे हैं। वह बैजनाथ राजकीय महाविद्यालय के एनएसयूआई अध्यक्ष रहे और 1998 से 2001 तक पार्टी की युवा शाखा के राज्य महासचिव के पद पर भी रहे ।
भाषा
खारी नरेश
नरेश