कांग्रेस ने नंदीग्राम में तृणमूल के प्रतिद्वंद्वी गुटों के नामांकन खारिज करने की मांग की

Ads

कांग्रेस ने नंदीग्राम में तृणमूल के प्रतिद्वंद्वी गुटों के नामांकन खारिज करने की मांग की

  •  
  • Publish Date - September 17, 2026 / 10:10 PM IST,
    Updated On - September 17, 2026 / 10:10 PM IST

कोलकाता, 17 सितंबर (भाषा) कांग्रेस ने बृहस्पतिवार को पश्चिम बंगाल के नंदीग्राम में तृणमूल कांग्रेस के दोनों प्रतिद्वंद्वी गुटों के उम्मीदवारों के नामांकन पत्र खारिज करने की मांग की।

कांग्रेस का कहना है कि दोनों उम्मीदवार पार्टी के चुनाव चिह्न को पेश नहीं कर सके और दोनों के नामांकन में केवल एक-एक प्रस्तावक है।

कांग्रेस द्वारा यह मांग छह अक्टूबर को होने वाले उपचुनाव के लिए नामांकन पत्रों की जांच के पहले दिन की गई। इस बीच, ममता बनर्जी और ऋतब्रत बनर्जी के नेतृत्व वाले प्रतिद्वंद्वी गुटों के बीच पार्टी के नाम, संगठन पर नियंत्रण और चुनाव चिह्न को लेकर विवाद जारी है।

निर्वाचन आयोग ने दोनों गुटों के प्रतिनिधियों को बृहस्पतिवार को नयी दिल्ली में एक और सुनवाई के लिए बुलाया था।

कांग्रेस प्रवक्ता अजितेश पांडे ने कहा, ‘‘हमने मांग की है कि तृणमूल कांग्रेस के दोनों गुटों के उम्मीदवारों के नामांकन खारिज किए जाएं, क्योंकि वे पार्टी का चुनाव चिह्न जमा नहीं कर सके। उन्हें चुनाव लड़ने की अनुमति नहीं दी जानी चाहिए।’’

उन्होंने कहा, ‘‘एक निर्दलीय उम्मीदवार के लिए कम से कम 10 प्रस्तावकों की आवश्यकता होती है। इन दोनों तृणमूल उम्मीदवारों के मामले में केवल एक-एक प्रस्तावक है। इसलिए दोनों में से कोई भी चुनाव नहीं लड़ सकता। बाकी फैसला निर्वाचन अधिकारी को करना है। यदि उनके नामांकन खारिज नहीं किए गए तो हम कानूनी कार्रवाई करेंगे।’’

ममता बनर्जी के नेतृत्व वाले गुट ने नंदीग्राम से संचिता प्रधान डे को उम्मीदवार बनाया है, जबकि ऋतब्रत बनर्जी के नेतृत्व वाले गुट ने मोहम्मद एतेशामुल हक को उम्मीदवार बनाया है। दोनों गुटों ने बुधवार को नामांकन दाखिल करने के अंतिम दिन अपने-अपने दावे के साथ पर्चे भरे थे।

भाषा शफीक पवनेश

पवनेश