कांग्रेस ने यौन उत्पीड़न की शिकायत पर पलक्कड़ के पार्षद को पार्टी से निकाला

कांग्रेस ने यौन उत्पीड़न की शिकायत पर पलक्कड़ के पार्षद को पार्टी से निकाला

कांग्रेस ने यौन उत्पीड़न की शिकायत पर पलक्कड़ के पार्षद को पार्टी से निकाला
Modified Date: March 28, 2026 / 09:54 am IST
Published Date: March 28, 2026 9:54 am IST

पलक्कड़ (केरल), 28 मार्च (भाषा) कांग्रेस ने पलक्कड़ नगर पालिका के एक पार्षद के खिलाफ यौन उत्पीड़न की शिकायत के बाद उसे शनिवार को पार्टी से निष्कासित कर दिया।

पलक्कड़ जिला कांग्रेस कमेटी (डीसीसी) के अध्यक्ष ए थंकप्पन ने बताया कि कथित घटना की खबरें सामने आने के बाद 24वें डिवीजन के पार्षद प्रशोब सी वलसन को पार्टी से निकाल दिया गया।

थंकप्पन ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘हमें इस घटना की जानकारी मीडिया में आई खबरों से मिली। हमने इसके तुरंत बाद उन्हें पार्टी से निकाल दिया।’’

थंकप्पन ने पार्षद के रूप में प्रशोब के बने रहने के बारे में कहा कि उस मामले में कार्रवाई करने का पार्टी के पास कोई अधिकार नहीं है।

उन्होंने कहा, “वह नैतिक आधार पर पार्षद पद से इस्तीफा दे सकते हैं लेकिन यह उनका फैसला है। पार्टी भी आंतरिक जांच कर रही है। हमें कोई औपचारिक शिकायत नहीं मिली है लेकिन हमने फिर भी उन्हें हटाने का निर्णय लिया है।’’

डीसीसी अध्यक्ष ने कहा कि इस घटना का आगामी चुनावों में पार्टी की संभावनाओं पर असर नहीं पड़ेगा। उन्होंने कहा कि प्रशोब कोई प्रमुख नेता नहीं हैं।

इस बीच, पुलिस मामला दर्ज करने से पहले शिकायतकर्ता का संभवत: बयान दर्ज करेगी।

अनुसूचित जनजाति समुदाय से संबंध रखने वाली महिला ने आरोप लगाया है कि पार्षद ने उसे स्थायी नौकरी दिलाने का वादा करके उसका कई बार यौन उत्पीड़न किया और बाद में उस पर गर्भपात कराने का दबाव डाला। उसने इस संबंध में पुलिस और मुख्यमंत्री से शिकायत की है।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और सत्तारूढ़ वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) ने इस मुद्दे पर कांग्रेस की आलोचना की है।

भाषा

सिम्मी अमित

अमित


लेखक के बारे में