पणजी, 16 सितंबर (भाषा) आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने बुधवार को कहा कि 2027 के गोवा विधानसभा चुनावों के लिए उनकी पार्टी और एक क्षेत्रीय दल के बीच गठबंधन की कांग्रेस द्वारा आलोचना करना यह दर्शाता है कि उसने पंजाब में पहले ही अपनी हार स्वीकार कर ली है, जहां अगले साल की शुरुआत में चुनाव प्रस्तावित हैं।
तटीय राज्य गोवा में आगामी विधानसभा चुनावों के लिए ‘आप’ और ‘गोवा फॉरवर्ड पार्टी’ (जीएफपी) ने हाथ मिला लिया है। दोनों दलों ने 13 सितंबर को ‘गोवा फर्स्ट’ नाम के एक नए गठबंधन का ऐलान किया।
गोवा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गिरीश चोडणकर ने ‘आप-जीएफपी’ गठबंधन को गोवा में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के साथ एक ‘‘एक्सचेंज ऑफर’’ करार दिया।
चोडणकर ने मंगलवार को ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा था कि यह गठबंधन एक ऐसी व्यवस्था का हिस्सा है जिसके तहत भारतीय जनता पार्टी पंजाब में ‘आप’ का समर्थन करेगी, जबकि केजरीवाल के नेतृत्व वाली पार्टी गोवा में भाजपा की मदद करेगी।
‘आप’ वर्तमान में पंजाब में सत्तारूढ़ दल है।
आप-जीएफपी गठबंधन पर चोडणकर के बयानों पर प्रतिक्रिया देते हुए केजरीवाल ने अपने ‘एक्स’ हैंडल पर लिखा, ‘कांग्रेस ने पंजाब में हार स्वीकार कर ली है।’
वहीं, चोडणकर ने इससे पहले कहा था कि ‘गोवा फर्स्ट’ गठबंधन गोवा की जनता की इच्छाओं के खिलाफ है।
भाषा सुमित गोला
गोला