कांग्रेस को भ्रम है कि पैसा, शराब और बाहुबल से जीत हासिल हो जाएगी: येदियुरप्पा

Ads

कांग्रेस को भ्रम है कि पैसा, शराब और बाहुबल से जीत हासिल हो जाएगी: येदियुरप्पा

  •  
  • Publish Date - April 5, 2026 / 03:04 PM IST,
    Updated On - April 5, 2026 / 03:04 PM IST

(फाइल फोटो के साथ)

बागलकोट (कर्नाटक), पांच अप्रैल (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता बी. एस. येदियुरप्पा ने रविवार को आरोप लगाया कि कांग्रेस नेता ‘‘पैसों से भरे सूटकेस’’ लेकर कर्नाटक की दो विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए प्रचार करने आए, क्योंकि उन्हें यह भ्रम है कि वे नकदी, शराब और बाहुबल के दम पर चुनाव जीत सकते हैं।

पूर्व मुख्यमंत्री ने पत्रकारों से कहा कि जनता ‘‘उन्हें सबक सिखाएगी।’’

उन्होंने राज्य में कांग्रेस सरकार पर भ्रष्टाचार में लिप्त होने और ‘‘सत्ता के नशे में चूर’’ होने का भी आरोप लगाया।

येदियुरप्पा ने मुख्यमंत्री सिद्धरमैया और उनके मंत्रिमंडल पर निशाना साधते हुए कहा, ‘‘इसमें कोई संदेह नहीं होना चाहिए। वे (सत्ताधारी कांग्रेस नेता) पैसों से भरे सूटकेस लेकर इस भ्रम में आए हैं कि वे पैसे, शराब और बाहुबल के दम पर चुनाव जीत सकते हैं।

उन्होंने कहा कि लोगों ने भाजपा उम्मीदवारों की जीत सुनिश्चित करने का फैसला कर लिया है और वे कांग्रेस के प्रलोभनों को नकार देंगे।

उन्होंने कहा, ‘‘बागलकोट और दावणगेरे दक्षिण, जनता ने दोनों जगहों पर भाजपा उम्मीदवारों की जीत सुनिश्चित कर, सत्ता के नशे में चूर एवं बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार में लिप्त भ्रष्ट कांग्रेस सरकार और मुख्यमंत्री सिद्धरमैया को सबक सिखाने का फैसला कर लिया है।’’

येदियुरप्पा ने दावा किया कि चुनाव प्रचार के दौरान भाजपा को जनता से अच्छी प्रतिक्रिया मिल रही है।

बागलकोट और दावणगेरे दक्षिण विधानसभा सीट पर उपचुनाव नौ अप्रैल को होना है। बागलकोट सीट के वरिष्ठ कांग्रेस विधायक एच वाई मेती और दावणगेरे दक्षिण सीट के विधायक शमनूर शिवशंकरप्पा के निधन के बाद ये चुनाव आवश्यक हो गए थे।

येदियुरप्पा ने आरोप लगाया कि कांग्रेस राजकोष को खाली करके ‘‘दिनदहाड़े लूट’’ कर रही है।

एक सवाल के जवाब में, उन्होंने कहा कि अल्पसंख्यक मुस्लिम समुदाय भी कांग्रेस के ‘‘असली रंग’’ से वाकिफ है और वह उनके प्रलोभनों में नहीं फंसेगा। उन्होंने कहा, ‘‘मुझे लगता है कि वे भी हमारा साथ देंगे।’’

भाजपा नेता ने कहा कि सिद्धरमैया जानते हैं कि उपचुनाव में कांग्रेस की हार निश्चित है, इसलिए वे पिछले करीब एक हफ्ते से दोनों निर्वाचन क्षेत्रों में प्रचार कर रहे हैं।

भाषा सुरभि सुभाष

सुभाष