नयी दिल्ली, 28 मार्च (भाषा) कांग्रेस आलाकमान ने केरल के कन्नूर से लोकसभा सदस्य के. सुधाकरन की नाराजगी की खबरों के बीच शनिवार को उनसे मुलाकात की और कहा कि राज्य में पूरा संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) एकजुट है तथा इस विधानसभा चुनाव में 100 सीट जीतने की ओर अग्रसर है।
पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी की सुधाकरन से मुलाकात के दौरान सांसद का परिवार तथा कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल भी मौजूद थे।
राहुल गांधी ने मुलाकात की तस्वीर सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर साझा करते हुए एक पोस्ट में कहा ,‘‘आज कांग्रेस अध्यक्ष खरगे जी और वेणुगोपाल जी के साथ सुधाकरन जी और उनके परिवार से मुलाकात की। के. सुधाकरन जी ने अपना पूरा जीवन केरल के लोगों के लिए लड़ते हुए बिताया है। वह हर तूफान, हर चुनौती, हर परीक्षा से गुजरे हैं। उनमें एक सच्चे कांग्रेसी सिपाही की ताकत और निष्ठा है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘यूडीएफ एकजुट और मजबूत है। हम केरलम में 100 सीटों के साथ भारी जीत की ओर बढ़ रहे हैं।’’
सूत्रों के अनुसार , सुधाकरन विधानसभा चुनाव लड़ना चाहते थे, लेकिन कांग्रेस ने किसी भी सांसद को विधानसभा चुनाव नहीं लड़ाने का फैसला किया जिसके बाद वह नाराज हो गए थे।
पार्टी सूत्रों का यह भी कहना है कि कांग्रेस आलाकमान से मुलाकात और बातचीत से उनसे जुड़े मुद्दों का समाधान कर लिया गया है।
केरल में सभी 140 विधानसभा सीट के लिए नौ अप्रैल को मतदान होगा जबकि मतगणना चार मई को होगी।
भाषा हक अविनाश धीरज
धीरज