महिला आरक्षण की सबसे बड़ी समर्थक है कांग्रेस: अशोक गहलोत

Ads

महिला आरक्षण की सबसे बड़ी समर्थक है कांग्रेस: अशोक गहलोत

  •  
  • Publish Date - April 16, 2026 / 09:57 PM IST,
    Updated On - April 16, 2026 / 09:57 PM IST

जयपुर, 16 अप्रैल (भाषा) राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कांग्रेस को महिला आरक्षण का सबसे बड़ा समर्थक बताते हुए बृहस्पतिवार को कहा कि यह कांग्रेस का ही दृष्टिकोण है।

गहलोत ने यहां जारी एक बयान में कहा पिछले 25-30 वर्षों में लाखों महिलाओं के जमीनी स्तर पर राजनीतिक नेतृत्व में आने का पूरा श्रेय राजीव गांधी और कांग्रेस पार्टी को जाता है, जिन्होंने पंचायती राज और स्थानीय निकायों में महिलाओं को आरक्षण देने की पहल की थी जो राजीव गांधी का सपना था।

उन्होंने कहा, ‘‘कांग्रेस महिला आरक्षण की सबसे बड़ी समर्थक है और यह कांग्रेस का ही ‘विजन’ है।’’

महिला आरक्षण कानून से जुड़े संविधान (131वां संशोधन) विधेयक पर लोकसभा में हुई चर्चा का उल्लेख करते हुए गहलोत ने कहा, ‘‘यदि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी इस अवसर पर राजीव गांधी को याद करते और संप्रग (संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन) सरकार के प्रयासों का जिक्र करते, तो सदन में पक्ष और विपक्ष के बीच बेहतर माहौल बन सकता था। लेकिन उन्होंने अपने वक्तव्य में देशवासियों को भ्रमित करने की कोशिश की और यह जताने का प्रयास किया कि कांग्रेस सहित विपक्षी दल महिला आरक्षण का विरोध कर रहे हैं, जबकि सच्चाई यह है कि सभी दल इसके पक्षधर हैं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री के पास आज एक और अवसर था कि वे पक्ष और विपक्ष को साथ लेकर चलते, लेकिन उन्होंने इसका उपयोग भी देशवासियों को गुमराह करने के लिए किया। क्या इतने महत्वपूर्ण विषय पर लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी से चर्चा की गई?’’

पूर्व मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया, ‘‘महिला आरक्षण के मुद्दे की आड़ में परिसीमन का प्रयास किया जा रहा है।’’

उन्होंने सवाल किया, ‘‘क्या इस मुद्दे पर दक्षिणी राज्यों सहित सभी राज्यों और अन्य हितधारकों से पर्याप्त चर्चा की गई है?’’

गहलोत ने कहा, ‘‘यह भी याद रखने योग्य है कि देश को पहली महिला राष्ट्रपति प्रतिभा पाटिल, महिला प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी और लोकसभा की पहली महिला अध्यक्ष मीरा कुमार कांग्रेस की ही देन हैं। हालांकि, भाजपा की राष्ट्रीय अध्यक्ष अब तक कोई महिला नहीं बनी है।’’

भाषा पृथ्वी खारी

खारी