मालदा (पश्चिम बंगाल), सात अप्रैल (भाषा) मालदा की मालतीपुर विधानसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी मौसम बेनजीर नूर ने अपने नामांकन हलफनामे में 2.5 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति घोषित की है और कहा है कि उनके खिलाफ कोई आपराधिक मामला दर्ज नहीं है।
नूर की वार्षिक आय वित्त वर्ष 2020-21 के 7.23 लाख रुपये से बढ़कर वित्त वर्ष 2024-25 में 10.97 लाख रुपये हो गई। इसी अवधि में उनके पति मिर्जा कायस बेग की आय 4.98 लाख रुपये से बढ़कर 7.01 लाख रुपये हो गई।
छह अप्रैल को नामांकन पत्र दाखिल करते समय नूर ने 1.46 करोड़ रुपये की कुल चल संपत्ति घोषित की, जबकि उनके पति की चल संपत्ति 42.2 लाख रुपये की है। नूर के पास 1.1 करोड़ रुपये मूल्य की जमीन भी है।
वर्ष 2020 में, जब उन्होंने तृणमूल कांग्रेस की ओर से राज्यसभा चुनाव के लिए अपना नामांकन पत्र दाखिल किया था, तब उन्होंने 1.79 करोड़ रुपये की संपत्ति और 8.40 लाख रुपये की देनदारियों की घोषणा की थी।
नूर हाल में तृणमूल कांग्रेस से कांग्रेस में लौट आयीं। उन्होंने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के प्रथम चरण के वास्ते नामांकन दाखिल करने के आखिरी दिन सोमवार को अपना नामांकन पत्र सौंपा।
नूर के 2026 के चुनाव संबंधी हलफनामे में यह भी उल्लेख किया गया है कि उन्होंने बैंक से 42 लाख रुपये का ऋण लिया है, जबकि उनके पति ने लगभग 12.49 लाख रुपये का ऋण लिया है। नूर के पास 75,000 रुपये नकद हैं तथा उनके पति के पास भी इतना ही नकद है।
हलफनामे में कहा गया है कि नूर के खिलाफ कोई आपराधिक मामला दर्ज नहीं है और न ही किसी अदालत में कोई मामला लंबित है। अपने हलफनामे में नूर ने कहा कि वह और उनके पति दोनों वकील हैं।
भाषा
राजकुमार पवनेश
पवनेश