कांग्रेस सांसद ने प्रधानमंत्री को पत्र लिखकर दो पायलटों की मौत के मामले की जांच का अनुरोध किया

Ads

कांग्रेस सांसद ने प्रधानमंत्री को पत्र लिखकर दो पायलटों की मौत के मामले की जांच का अनुरोध किया

  •  
  • Publish Date - May 3, 2026 / 07:54 PM IST,
    Updated On - May 3, 2026 / 07:54 PM IST

नयी दिल्ली, तीन मई (भाषा) कांग्रेस सांसद मणिक्कम टैगोर ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को पत्र लिखकर हाल ही में दो पायलटों की मौत से जुड़े मामले की स्वतंत्र जांच कराने और ‘फ्लाइट ड्यूटी टाइम लिमिटेशन’ (एफडीआईएल) नियमों में किसी भी तरह की ढील के प्रस्ताव को खारिज करने की अपील की।

पायलटों के संगठन एएलपीए इंडिया ने शुक्रवार को नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) से अपील की थी कि दो दिनों में दो पायलटों की दिल का दौरा पड़ने से हुई मौत के मद्देनजर थकान दूर करने के नियमों से विमानन कंपनियों को कोई छूट न दी जाए।

टैगोर ने पत्र में कहा कि कैप्टन तरुणदीप सिंह की 29 अप्रैल को इंडोनेशिया के बाली और कैप्टन अर्जुन नायडू की 30 अप्रैल को बेंगलुरु में मौत महज संयोग नहीं, बल्कि नागरिक उड्डयन क्षेत्र में पायलटों की थकान को दूर करने की व्यवस्था में गंभीर खामी का संकेत है।

उन्होंने कहा कि थकान से होने वाली गलतियों से पायलटों को बचाने के लिए बनाए गए एफडीआईएल नियमों को लगातार टाला और अस्थायी छूट देकर कमजोर किया गया है।

टैगोर ने आरोप लगाया कि विमानन कंपनियों को दी जा रही छूट से पायलटों की थकान खतरनाक स्तर तक बढ़ रही है, जिससे उड़ान सुरक्षा पर सीधा खतरा है।

उन्होंने यह भी कहा कि साप्ताहिक आराम की अनिवार्यता को नजरअंदाज करने से पायलटों पर दीर्घकालिक स्वास्थ्य प्रभाव पड़ रहे हैं।

सूचना का अधिकार (आरटीआई) आवेदन से प्राप्त आंकड़ों का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि थकान संबंधी सूचनाओं को स्वीकार करने की दर बेहद कम है, जिससे यह संकेत मिलता है कि पायलटों को ऐसी सूचनाएं देने से हतोत्साहित किया जाता है।

भाषा जोहेब नेत्रपाल

नेत्रपाल