कांग्रेस अध्यक्ष खरगे ने मिजोरम की जनता से की पार्टी के पक्ष में मतदान की अपील

कांग्रेस अध्यक्ष खरगे ने मिजोरम की जनता से की पार्टी के पक्ष में मतदान की अपील

कांग्रेस अध्यक्ष खरगे ने मिजोरम की जनता से की पार्टी के पक्ष में मतदान की अपील
Modified Date: November 5, 2023 / 09:52 pm IST
Published Date: November 5, 2023 9:52 pm IST

नयी दिल्ली, पांच नवंबर (भाषा) कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने मिजोरम के लोगों से रविवार को पार्टी के पक्ष में मतदान करने की अपील की और कहा कि एक ओर जहां कांग्रेस ने राज्य में शांति और स्थिरता लाने में मदद की है, वहीं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और राष्ट्रीय स्वंयसेवक संघ (आरएसएस) मिजो संस्कृति को ‘‘तबाह करने पर तुली हुई है।’’

खरगे ने सात नवंबर को होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले कहा कि कांग्रेस संविधान के अनुच्छेद 371-जी के तहत पूर्वोत्तर राज्य के लोगों, भूमि और प्राकृतिक संसाधनों की सुरक्षा के लिए वहां के लोगों के साथ है।

यह अनुच्छेद मिजोरम को विशेष प्रावधान मुहैया कराता है। इसके अनुसार, धार्मिक अथवा सामजिक प्रथाओं, रस्मी कानून और प्रक्रिया, और भूमि का स्वामित्व एवं हस्तांतरण से जुड़ा कोई केन्द्रीय कानून तब तक लागू नहीं होगा, जब तक कि मिजोरम विधानसभा इसकी पुष्टि नहीं करता।

खरगे ने मिजोरम के लिए कांग्रेस की सात गारंटी अधिसूचित की, जिसमें रोजगार के अवसर पैदा करना, जमीनी स्तर पर लोकतंत्र को मजबूत करना, 15 लाख रुपये का स्वास्थ्य बीमा कवर और कैंसर रोगियों की विशेष देखभाल, दो हजार रुपये की मासिक वृद्धावस्था पेंशन, 750 रुपये में रियायती एलपीजी सिलेंडर प्रदान करना और विधवाओं तथा दिव्यांगों को दो हजार रुपये की मासिक सहायता देना आदि शामिल है।

कांग्रेस राज्य में सत्तारूढ़ मिज़ो नेशनल फ्रंट-भारतीय जनता पार्टी गठबंधन सरकार को हराने के लिए पूरा जोर लगा रही है।

खरगे ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक वीडियो जारी कर संदेश में कहा, ‘‘कांग्रेस पार्टी ही मिजोरम में शांति और स्थिरता लाई है।’’ उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी ने 1986 में ऐतिहासिक मिजो समझौते पर हस्ताक्षर किए। खरगे ने कहा कि इसके बाद से कांग्रेस का मिजोरम के लोगों से खास रिश्ता है।

कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा, ‘पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकारों ने शांति, स्थिरता, आदिवासी संस्कृति, पहचान और मिजोरम में धर्मनिरपेक्षता सुनिश्चित की। हम कृषि के लिए ‘न्यू लैंड यूज पॉलिसी’ लाए, जिससे किसानों को लाभ हुआ और राज्य में चावल का उत्पादन बढ़ा।’’

उन्होंने कहा, ‘‘आज एमएनएफ के शासन में राज्य में आधारभूत ढांचा बदहाल है। युवाओं को शिक्षा और रोजगार चाहिए। एमएनएफ-भाजपा के शासनकाल में भ्रष्टाचार जीवन का हिस्सा बन गया है।’’

खरगे ने कहा, ‘‘आरएसएस और भाजपा आपकी संस्कृति, मूल्यों, धर्म और मिजो जीवन शैली को नष्ट करने पर तुले हुए हैं।’’ खरगे ने साथ ही आरोप लगाया कि नरेन्द्र मोदी सरकार ‘‘मिजोरम के लोगों की जमीन और जंगल छीनना चाहती है और इसे घनिष्ठ मित्रों को उपहार में देना चाहती है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘भाजपा ने मणिपुर के लोगों के बीच विभाजन पैदा किया और राज्य छह महीने से जल रहा है। मणिपुर के हजारों आदिवासियों को मिजोरम में शरण लेनी पड़ी। भाजपा पूर्वोत्तर के नाजुक सामाजिक ताने-बाने को नष्ट करना चाहती है।’’

कांग्रेस अध्यक्ष ने लोगों से कांग्रेस के पक्ष में मतदान करने की अपील की।

भाषा शोभना सुरेश

सुरेश


लेखक के बारे में