अगरतला, नौ जनवरी (भाषा) त्रिपुरा में विपक्षी कांग्रेस ने सोमवार को कहा कि वह आगामी विधानसभा चुनाव में टिपरा मोठा के साथ गठजोड़ करने के लिए तैयार है। हालांकि इसने स्पष्ट किया कि वह किसी भी स्थिति में इस क्षेत्रीय दल की ‘ग्रेटर टिपरालैंड’ मांग का समर्थन नहीं करेगी।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष बिरजीत सिन्हा ने पीटीआई भाषा से कहा, ‘‘टिपरा मोठा के साथ चुनावी गठजोड़ करने पर हमें कोई दिक्कत नहीं है लेकिन हम पृथक राज्य की उसकी मांग पर राजी नहीं होंगे। हम इस बात पर सहमत है कि त्रिपुरा जनजातीय क्षेत्र स्वायत्त जिला परिषद को और स्वायत्तता दी जानी चाहिए।’’
टिपरा मोठा का गठन पूर्व राजपरिवार के उत्तराधिकारी प्रद्योत देब बर्मा ने फरवरी, 2021 में किया था। इससे दो साल पहले उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष का पद छोड़ दिया था।
देबबर्मा ने कई बार कहा है कि टिपरा मोठा किसी भी ऐसे राजनीतिक दल के साथ गठजोड़ करने को तैयार है जो उसे लिखित आश्वासन देगा कि वह पार्टी की इस प्राथमिक मांग को मान लेगा।
सिन्हा ने कहा , ‘‘मुझे नहीं लगता कि कोई भी राजनीतिक दल पृथक राज्य की पार्टी की मांग पर राजी होगा।’’
भाषा राजकुमार रंजन
रंजन