नयी दिल्ली, दो अप्रैल (भाषा ) कांग्रेस के मुख्य सचेतक जयराम रमेश ने बृहस्पतिवार को राज्यसभा में सरकार से यह स्पष्ट करने की मांग की कि सदन को अगली किसी निश्चित तारीख तक या अनिश्चितकाल के लिए स्थगित किया जाएगा।
संसद के वर्तमान बजट सत्र के समापन को लेकर मीडिया में लगाई जा रहीं अटकलों को रमेश ने लोकतंत्र के सुचारू संचालन के लिए नुकसानदायक करार दिया।
उच्च सदन की बैठक शुरू होने पर आवश्यक दस्तावेज पटल पर रखवाए गए। इसके बाद सदन की बैठक के समापन का मुद्दा उठाते हुए रमेश ने सदन के नेता जेपी नड्डा और संसदीय कार्य मंत्री से इस संबंध में स्थिति स्पष्ट करने को कहा।
उन्होंने कहा, “आज क्या सदन की बैठक को अगली किसी निश्चित तारीख तक स्थगित किया जाएगा या अनिश्चितकाल के लिए स्थगित किए किया जाएगा? यह अनिश्चितता और मीडिया में चल रही अटकलें हमारे लोकतंत्र के सुचारु संचालन के लिए ठीक नहीं हैं।”
रमेश ने कहा, “कृपया स्पष्ट करें कि मंशा क्या है—आज स्थगन, कल फिर बैठक या किसी बाद की तारीख को बुलाना, या अनिश्चतकाल के लिए स्थगित करना? राज्यसभा के भविष्य को लेकर इतना रहस्य क्यों है? लोकसभा को छोड़िए, कम से कम राज्यसभा में तो स्पष्टता होनी चाहिए।”
इस पर प्रतिक्रिया देते हुए नड्डा ने कहा, “सरकार आपको इस पर जवाब देगी।”
भाषा मनीषा माधव
माधव